तेजस्वी यादव के जन्मदिन पर श्याम रजक की नसीहत, बोले- अब युवा हो गए हो, बचपना छोड़ो

0
16

पटना: बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव का आज जन्मदिन है। राजद प्रमुख लालू यादव के बेटे तेजस्वी 37 साल के हो गए हैं। इस मौके पर राजनीतिक विरोधी रहे जनता दल यूनाइटेड के नेताओं ने भी उन्हें बधाई दी, लेकिन बधाई के साथ एक नसीहत भी दे दी। पूर्व मंत्री और जदयू नेता श्याम रजक ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि तेजस्वी अब 37 साल के हो गए हैं। उनकी स्थिति युवा की है, इसलिए अब उन्हें युवा वाली सोच के साथ काम और व्यवहार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब उम्र बढ़ जाए तो सोच को भी ऊंचा करना चाहिए। अब बचपना वाला व्यवहार नहीं करना चाहिए।

श्याम रजक ने कहा कि मेरी शुभकामना है कि तेजस्वी सकारात्मक सोच के साथ विपक्ष की भूमिका निभाएं। इससे उन्हें सफलता मिलेगी। अगर उम्र के साथ सोच नहीं बदलेगी, तो कोई फायदा नहीं होगा। उन्होंने तेजस्वी के जीवन की सफलता के लिए भी शुभकामनाएं दीं।

संजय झा ने दी शुभकामनाएं

जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने भी तेजस्वी को जन्मदिन की बधाई दी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। ईश्वर आपको स्वस्थ रखें। तेजस्वी के परिवार में देर रात तारीख बदलते ही जन्मदिन मनाया गया। बड़ी बहन मीसा भारती ने केक काटने का वीडियो शेयर किया। बहन और पत्नी राजश्री की मौजूदगी में तेजस्वी ने 37वें जन्मदिन पर केक काटा। बहन ने भाई को आशीर्वाद दिया तो पत्नी ने बधाई दी। परिवार में खुशी का माहौल रहा।

तेजस्वी के जन्मदिन पर राजद में खासा उत्साह दिखा। पार्टी कार्यालय के बाहर उनके लिए बड़े-बड़े बैनर लगाए गए। पार्टी ने अपने नेता को बिहार का भविष्य बताया। प्रदेश कार्यालय में कार्यकर्ताओं ने रक्तदान किया। इस मौके पर तेजस्वी ने केक काटा और नेताओं-कार्यकर्ताओं ने उन्हें चांदी का मुकुट पहनाया।

क्रिकेट से राजनीति तक का सफर

तेजस्वी यादव का जन्म 9 नवंबर 1989 को गोपालगंज में हुआ था। राजनीति में आने से पहले वे क्रिकेटर थे। वे दो बार बिहार के डिप्टी सीएम रह चुके हैं। दोनों बार वे नीतीश कुमार की सरकार में मंत्री बने।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here