बैंकॉक से दिल्ली तक नशे की दो बड़ी खेप! कस्टम विभाग का शिकंजा, 9.5 किलो गांजा बरामद

0
12

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर नशे के अंतरराष्ट्रीय तस्करों के खिलाफ कस्टम विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तस्करी के दो अलग-अलग मामलों का पर्दाफाश किया है। बैंकॉक से दिल्ली पहुंची दो महिला यात्रियों के ट्रॉली बैग से करीब 9.53 किलोग्राम गांजा (मारिजुआना) बरामद किया गया है। बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 3.33 करोड़ रुपये बताई गई है। दोनों मामलों में महिला यात्रियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। कस्टम विभाग की इस कार्रवाई से अंतरराष्ट्रीय नशा तस्करी के नेटवर्क में हड़कंप मच गया है।

प्रोफाइलिंग से खुला राज, ग्रीन चैनल पर रोकी गईं दोनों महिला यात्री

कस्टम विभाग की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक पहली कार्रवाई 30 अक्टूबर 2026 को की गई। बैंकॉक से थाई एयरवेज की उड़ान संख्या TG331 के जरिए दिल्ली के टर्मिनल-3 पर पहुंची एक भारतीय महिला यात्री की गतिविधियों और प्रोफाइलिंग के आधार पर अधिकारियों को संदेह हुआ। इसके बाद उसे ग्रीन चैनल पर रोककर उसके सामान की तलाशी ली गई।

जांच के दौरान महिला के ग्रे रंग के ट्रॉली बैग से छह पॉलीथीन पैकेट बरामद हुए। इन पैकेटों में हरे रंग का संदिग्ध मादक पदार्थ भरा हुआ था। जांच और प्रारंभिक परीक्षण में पदार्थ गांजा/मारिजुआना प्रतीत हुआ। इसका कुल शुद्ध वजन 6,540 ग्राम यानी 6 किलो 540 ग्राम दर्ज किया गया। कस्टम अधिकारियों ने इसकी अनुमानित कीमत करीब 2.29 करोड़ रुपये आंकी है।

दूसरी उड़ान से पहुंची महिला भी गिरफ्त में, बैग के भीतर छिपे थे दो पैकेट

इसी दिन कस्टम अधिकारियों ने दूसरी बड़ी कार्रवाई करते हुए बैंकॉक से उड़ान संख्या TG315 के जरिए दिल्ली पहुंची एक अन्य महिला यात्री को भी प्रोफाइलिंग के आधार पर जांच के दायरे में लिया। ग्रीन चैनल पर उसके ग्रे रंग के ट्रॉली बैग की तलाशी लेने पर दो पॉलीथीन पाउच छिपाकर रखे हुए मिले। इन पाउचों में भरा हरे रंग का संदिग्ध मादक पदार्थ प्रारंभिक परीक्षण में गांजा/मारिजुआना पाया गया। इसका कुल शुद्ध वजन 2,988.7 ग्राम यानी करीब 2 किलो 989 ग्राम था। कस्टम विभाग ने इस खेप की अनुमानित कीमत करीब 1.04 करोड़ रुपये बताई है।

दो मामले, एक दिन और करोड़ों की नशे की खेप

दोनों कार्रवाइयों को मिलाकर कस्टम अधिकारियों ने कुल आठ पैकेटों में छिपाकर लाया गया 9,528.7 ग्राम यानी करीब 9 किलो 529 ग्राम संदिग्ध गांजा बरामद किया है। इसकी अनुमानित कीमत लगभग 3.33 करोड़ रुपये बताई गई है। दोनों महिला यात्रियों को एनडीपीएस अधिनियम,1985 की धारा 43(बी) के तहत गिरफ्तार किया गया, जबकि बरामद पदार्थ को धारा 43(ए) के तहत जब्त किया गया है।

एनडीपीएस एक्ट के तहत शिकंजा, अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क की जांच तेज

कस्टम विभाग के मुताबिक दोनों मामलों में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8 के उल्लंघन तथा धारा 20, 23 और 29 के तहत दंडनीय अपराध का मामला बनता है। अधिकारियों ने मादक पदार्थ के साथ उसकी पैकेजिंग और छिपाने में इस्तेमाल सामग्री भी जब्त की है। अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि बैंकॉक से लाई गई इन खेपों के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं, दिल्ली में इसकी आपूर्ति किसे की जानी थी और क्या दोनों मामलों के तार किसी बड़े अंतरराष्ट्रीय नशा तस्करी गिरोह से जुड़े हैं। फिलहाल दोनों मामलों में आगे की जांच जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here