9 टू 5 नौकरी, फिर भी 70 लाख का घर, बिना लोन लड़की ने ऐसे जुटाए पैसे, वीडियो वायरल

0
13

नई दिल्ली: बिना होम लोन के अपना घर खरीदना क्या सच में मुमकिन है? महाराष्ट्र के शाहड़ की एक महिला ने इसे करके दिखा दिया है। उन्होंने बिना किसी कर्ज के न सिर्फ 70 लाख रुपये का घर खरीदा, बल्कि उसे शानदार तरीके से सजाया भी। सोशल मीडिया पर उन्होंने अपनी तीन साल की बचत की कहानी साझा की है, जिसे सुनकर लोग उनकी जमकर तारीफ कर रहे हैं।

फ्लैट 60 लाख का, इंटीरियर समेत खर्च 70 लाख

महिला ने बताया कि उनका फ्लैट 60 लाख रुपये का था, लेकिन इंटीरियर के साथ कुल खर्च करीब 70 लाख रुपये आया। उन्होंने यह पूरी रकम तीन साल में जुटाई। पहले साल उन्होंने 4 लाख, दूसरे साल 5.5 लाख और तीसरे साल 9.5 लाख रुपये बचाए। इसके अलावा उन्होंने एक लाख रुपये का इमरजेंसी फंड भी अलग से रखा, ताकि किसी मुश्किल समय में परेशानी न हो।

दो खातों वाला सीधा फॉर्मूला

उनकी बचत का सबसे बड़ा राज दो बैंक खातों वाला फॉर्मूला था। एक था सैलरी अकाउंट और दूसरा ड्रीम अकाउंट। सैलरी आते ही उसका बड़ा हिस्सा सीधे ड्रीम अकाउंट में चला जाता था। इस खाते का कोई डेबिट या क्रेडिट कार्ड नहीं था, ताकि फिजूलखर्ची न हो। उनका मानना है कि पैसा अगर नजर के सामने न हो, तो खर्च भी नहीं होता।

बिल्डर से की सीधी बात, लोन से मिली मुक्ति

शुरुआत में उन्होंने होम लोन लेने के बारे में सोचा था, लेकिन पिता की सलाह पर उन्होंने बिल्डर से सीधे बात की। चूंकि प्रॉपर्टी उस समय बन रही थी, इसलिए बिल्डर निर्माण के हिसाब से किस्तों में भुगतान के लिए मान गया। तय हुआ कि वह अगले 36 महीनों तक हर महीने एक लाख रुपये देंगी और बाकी बचे 8 लाख रुपये पजेशन के समय चुकाएंगी। इसी समझदारी से वह लोन के जाल से बच गईं।

सेल्स की नौकरी और इंसेंटिव बना हथियार

इस पूरे प्लान की सबसे बड़ी ताकत उनकी सेल्स की नौकरी रही। सैलरी के अलावा उन्हें हर महीने एक से डेढ़ लाख रुपये तक का इंसेंटिव मिल जाता था, जिसे उन्होंने पूरी तरह बचत में लगा दिया। उन्होंने अपना पुराना घर बेचा नहीं, बल्कि उसे रिनोवेट करके किराये पर चढ़ा दिया। इससे उन्हें हर महीने अतिरिक्त आमदनी भी मिलने लगी।

सोशल मीडिया पर मिल रही तारीफ

महिला की कहानी सुनकर लोग उनकी तारीफ करते नहीं थक रहे। एक यूजर ने लिखा, प्रेरणा देने के लिए शुक्रिया। दूसरे ने कहा, सेल्स की नौकरी में कमाल का हुनर चाहिए, आप वाकई लाजवाब हैं। एक महिला यूजर ने गर्व जताते हुए लिखा, आप पर गर्व है, सभी महिलाओं को ऐसी ही कामयाबी मिले। महिला का कहना है, डरिए मत, बस सही प्लानिंग कीजिए और शुरुआत कीजिए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here