दीपावली की खुशियां मातम में बदलीं: बीच-बचाव करने पहुंचे वकील की चार गोलियां मारकर हत्या

0
11

कन्नौज। उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले के छिबरामऊ में दीपावली की शाम पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच चल रहे झगड़े को सुलझाने पहुंचे 35 वर्षीय युवा अधिवक्ता अनुज चतुर्वेदी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि एक व्यक्ति ने उन्हें पिस्तौल से चार गोलियां मारीं। गंभीर रूप से घायल अनुज को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। त्योहार के दिन हुई इस वारदात से पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।

चचेरे भाई के साथ हुए विवाद को सुलझाने पहुंचे थे अनुज

जानकारी के अनुसार, छिबरामऊ के जीटी रोड स्थित सुभाष नगर निवासी अनुज चतुर्वेदी दीपावली के दिन अपने चचेरे भाई बसंत के साथ हुए विवाद को सुलझाने पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि राजनीतिक रंजिश के चलते कांग्रेस के जिला महासचिव अमोल दीक्षित ने बसंत को थप्पड़ मार दिया था। इसके बाद बसंत ने घर पहुंचकर घटना की जानकारी अपने परिजनों को दी।

भाई के साथ हुई घटना का पता चलने पर अनुज उसे साथ लेकर अमोल दीक्षित के घर पहुंच गए। वहां दोनों पक्षों के बीच बातचीत के दौरान कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते गंभीर विवाद में बदल गई।

पिस्तौल निकालकर सीने में दागीं चार गोलियां

आरोप है कि विवाद बढ़ने पर अमोल दीक्षित ने अपनी पिस्तौल निकाल ली और अनुज चतुर्वेदी पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। हमलावर ने उनकी छाती में लगातार चार गोलियां मारीं। गोली लगते ही अनुज खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़े। अचानक हुई फायरिंग से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

परिजनों और पुलिस की मदद से घायल अधिवक्ता को तुरंत छिबरामऊ के 100 बेड वाले अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। अनुज की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।

कोतवाली के पास वारदात से कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल

यह वारदात छिबरामऊ कोतवाली से कुछ ही दूरी पर हुई। ऐसे में स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन और कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी कपिल दुबे और सीओ मयंक मिश्रा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।

अधिवक्ता की हत्या की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में वकील और स्थानीय लोग अस्पताल पहुंच गए। दीपावली जैसे त्योहार के दिन हुई इस घटना ने पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया।

विधायक अर्चना पांडेय भी शव देखकर भावुक हुईं

घटना की जानकारी मिलने पर छिबरामऊ की भाजपा विधायक अर्चना पांडेय भी अस्पताल पहुंचीं। अनुज चतुर्वेदी का शव देखकर वह अपने आंसू नहीं रोक सकीं और भावुक होकर रोने लगीं।

विधायक ने बताया कि उन्होंने किसी काम के सिलसिले में कोतवाली प्रभारी कपिल दुबे को फोन किया था। इसी दौरान उन्हें अधिवक्ता की हत्या की जानकारी मिली, जिसके बाद वह तुरंत अस्पताल पहुंचीं।

बताया जाता है कि मृतक अनुज के चाचा रवि विधायक के ड्राइवर हैं। इसी वजह से दोनों परिवारों के बीच पहले से ही करीबी पारिवारिक संबंध थे। दीपावली की खुशियों के बीच हुई इस हत्या ने एक परिवार की खुशियों को हमेशा के लिए मातम में बदल दिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here