नई दिल्ली: राजधानी में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ उत्तर-पश्चिमी जिला पुलिस की एंटी-नारकोटिक्स सेल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में पति-पत्नी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर कुल 114.17 किलोग्राम डोडा पोस्त और 160 ग्राम उच्च गुणवत्ता की अफीम बरामद की है। कार्रवाई का दायरा दिल्ली के आदर्श नगर से उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर तक पहुंचा। उत्तर-पश्चिमी जिला पुलिस मुख्यालय में प्रेस वार्ता के दौरान डीसीपी आकांक्षा यादव ने बताया कि गुप्त सूचना पर टीम ने आदर्श नगर मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-1 के पास टैक्सी में सवार सोमवती (26) को उसके दो नाबालिग बच्चों के साथ पकड़ा। तलाशी में 11.875 किलोग्राम डोडा पोस्त और मिक्सर ग्राइंडर मिला। इसके बाद उसके पति जसवीर (27) को 100 फुटा रोड बस स्टॉप के पास से गिरफ्तार किया गया। उनके किराए के मकान से 3.65 किलोग्राम डोडा पोस्त और 4,100 रुपये नकद बरामद हुए।
शाहजहांपुर में सप्लायर सत्य कुमार की गिरफ्तारी
पूछताछ में जसवीर ने कथित सप्लायर सत्य कुमार (43) का नाम बताया। पुलिस टीम ने तकनीकी जांच और स्थानीय पुलिस की मदद से शाहजहांपुर के गांव काकोड़ा में छापा मारकर उसे गिरफ्तार किया। उसके घर और छत से 98.645 किलोग्राम डोडा पोस्त तथा 160 ग्राम अफीम मिली। पुलिस के अनुसार सत्य कुमार के पास अफीम की खेती का वैध लाइसेंस था, लेकिन वह कथित तौर पर अवैध भंडारण और कारोबार में शामिल था। जांच टीम का नेतृत्व पहले अभियान में उपनिरीक्षक शुभम, सहायक उपनिरीक्षक दिनेश कुमार, हेड कांस्टेबल स्वयं, रोहित, विकास और महिला हेड कांस्टेबल मंजू शामिल रहे। दूसरे अभियान में जांच अधिकारी उपनिरीक्षक हिमांशु, सहायक उपनिरीक्षक चंदर पाल और हेड कांस्टेबल स्वयं कुमार ने कार्रवाई की।
प्राथमिकी दर्ज, आगे की जांच जारी
आरोपियों के खिलाफ आदर्श नगर थाने में प्राथमिकी संख्या 772/2026 एनडीपीएस अधिनियम की धाराओं 15/25/29 के तहत मामला दर्ज है। जसवीर के खिलाफ उत्तर प्रदेश में एनडीपीएस के दो मामले भी दर्ज बताए गए हैं। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और सप्लाई चेन की पड़ताल कर रही है।












