नई दिल्ली: दीपावली के जश्न में इस बार दिल्ली मेट्रो भी अपने समय का नया शेड्यूल लेकर तैयार है। रोशनी के त्योहार पर घरों में खुशियों के दीप जलेंगे, बाजारों में रौनक होगी और सड़कों पर आवाजाही बढ़ेगी। इसी को ध्यान में रखते हुए दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) ने 8 नवंबर 2026, रविवार को मेट्रो परिचालन के समय में विशेष बदलाव करने का फैसला किया है। यात्रियों को सुबह राहत मिलेगी, लेकिन शाम को सफर के लिए घड़ी पर नजर रखनी होगी।
सुबह की सेवाओं में विस्तार
डीएमआरसी के मुताबिक रविवार को सामान्य दिनों में सुबह 7 बजे शुरू होने वाली पिंक मैजेंटा और ग्रे लाइन की सेवाएं इस बार सुबह 6 बजे से शुरू होंगी। यानी इन तीनों गलियारों पर यात्रियों को एक घंटा पहले मेट्रो की सुविधा मिलेगी। पिंक लाइन पर मजलिस पार्क और शिव विहार, मैजेंटा लाइन पर बॉटनिकल गार्डन, कृष्णा पार्क एक्सटेंशन, मजलिस पार्क और दीपाली चौक तथा ग्रे लाइन पर द्वारका ककरौला और धांसा बस स्टैंड से सेवाएं निर्धारित समय पर शुरू होंगी।
शाम की सेवाओं में बदलाव और यात्रियों को सलाह
वहीं, शाम को दीपावली उत्सव के मद्देनजर बड़ा बदलाव किया गया है। एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन सहित सभी मेट्रो लाइनों पर आखिरी ट्रेन रात 11 बजे के बजाय रात 10 बजे टर्मिनल स्टेशनों से रवाना होगी। इसके चलते यात्रियों को अपनी यात्रा पहले से तय करनी होगी, ताकि आखिरी मेट्रो छूटने से परेशानी न हो। डीएमआरसी के प्रधान कार्यकारी निदेशक (कॉरपोरेट कम्युनिकेशंस) अनुज दयाल ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे यात्रा से पहले समय-सारिणी की जानकारी आधिकारिक वेबसाइट और सोशल मीडिया माध्यमों से जरूर प्राप्त करें।












