मुस्तफाबाद में दो पक्षों में खूनी संघर्ष, एक परिवार के कई लोग घायल; मारपीट का वीडियो वायरल

0
13

मुजफ्फरनगर: नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के गांव मुस्तफाबाद में नाली के पानी को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट में बदल गया। आरोप है कि एक पक्ष के लोगों ने सत्यवीर सिंह के परिवार पर लाठी-डंडों और सरियों से हमला कर दिया। हमले में प्रशांत कुमार, हरवीर सिंह, सागर और संजो समेत कई लोग घायल हो गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

नाली विवाद में घर में घुसकर लाठी-डंडों से हमला, महिलाओं से अभद्रता

पीड़ित परिवार के मुताबिक, एक दिन पहले नाली का पानी रोकने को लेकर कहासुनी हुई थी। अगले दिन सागर के घर लौटते समय आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की। बीच-बचाव के बाद कुछ देर तक मामला शांत रहा, लेकिन आरोप है कि इसके बाद अजय कुमार, बिट्टू, जयपाल, अक्षय कुमार और मोहित समेत अन्य लोग लाठी-डंडे और सरिये लेकर उनके घर पहुंच गए और हमला कर दिया। इस दौरान महिलाओं से अभद्रता करने का भी आरोप है।

हमले में युवक गंभीर घायल, केस दर्ज होने के बाद भी गिरफ्तारी न होने का आरोप

हमले में प्रशांत कुमार गंभीर रूप से घायल हुए। पीड़ितों के अनुसार, घायलों के सिर में चोटें आईं और टांके लगाने पड़े, जबकि कमर में चोट और हाथ में फ्रैक्चर भी हुआ है। सूचना पर पुलिस ने घायलों का प्राथमिक उपचार कराया। सत्यवीर सिंह की शिकायत पर नई मंडी पुलिस ने पांच नामजद समेत करीब आधा दर्जन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि मुकदमा दर्ज होने के बावजूद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। परिवार ने आरोपियों से जान का खतरा बताते हुए पुलिस से गिरफ्तारी और सुरक्षा की मांग की है।

Reported By: Rohit

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here