नवंबर के अंत में भारत आएंगे बालेन शाह, नेपाल ने की दौरे की पुष्टि

0
10

नई दिल्ली: नेपाल के विदेश सचिव अमृत बहादुर राय ने प्रधानमंत्री बालेन शाह की भारत यात्रा की पुष्टि कर दी है। उन्होंने कहा है कि नेपाल के प्रधानमंत्री नवंबर महीने के अंत में भारत की यात्रा पर आंएगे। उन्होंने यह बात भारतीय विदेश सचिव विक्रम मिसरी के साथ हुई द्विपक्षीय बैठक के दौरान कही। अमृत बहादुर राय ने बताया कि भारत और नेपाल, बालेन शाह की यात्रा की तैयारियों को लेकर लगातार एक-दूसरे के संपर्क में है। यह प्रधानमंत्री बनने के बाद बालेन शाह का पहला राजकीय दौरा होगा। इससे पहले वह संयुक्त राष्ट्र महासभा की बैठक में हिस्सा लेने के लिए न्यूयॉर्क जा चुके हैं।

बाढ़ के बाद भारत की मदद की तारीफ

नेपाली विदेश सचिव ने कहा कि भोटेकोशी बाढ़ के बाद भारत ने जो मदद दी, उससे दोनों देशों के पुराने रिश्ते और मुश्किल समय में एक-दूसरे का साथ देने का कमिटमेंट साफ दिखा। हालांकि उन्होंने माना कि बाढ़ से नेपाल के इंफ्रास्ट्रक्चर को भारी नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री की यात्रा की तैयारियों को लेकर हमारी दोनों टीमें लगातार संपर्क में हैं और उनके बीच करीबी तालमेल है।

आज की बैठक में हम इस महीने के आखिर में होने वाली उच्च-स्तरीय यात्रा की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा करेंगे। आपकी यह यात्रा आधार तैयार करने में बहुत मददगार साबित होगी। उन्होंने याद दिलाया कि पिछली यात्रा पिछले साल अगस्त में हुई थी, जिसके दौरान दोनों देशों को अपने विचार साझा करने और बहुआयामी संबंधों के विभिन्न पहलुओं का जायजा लेने का मौका मिला था।

कौन हैं बालेन शाह?

बालेन शाह काठमांडू के मेयर रह चुके हैं। उन्होंने देश में हुए जेन-जी आंदोलन के बाद हुए चुनावों में जीत हासिल की और प्रधानमंत्री की कुर्सी तक पहुंचे।बालेन शाह का जन्म 27 अप्रैल 1990 को काठमांडू में हुआ था। उन्होंने नेपाल के हिमालयन व्हाइटहाउस इंटरनेशनल कॉलेज से सिविल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है। इसके बाद उन्होंने भारत के बेंगलुरु के निट्टे मीनाक्षी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी से स्ट्रक्चरल इंजीनियरिंग में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है।

राजनीति में आने से पहले बालेन शाह नेपाल के प्रसिद्ध रैपर और हिप-हॉप कलाकार थे। उन्होंने 2013 में Raw Barz नाम का बैंड भी बनाया था। उन्होंने मई 2022 में काठमांडू मेयर का चुनाव एक स्वतंत्र उम्मीदवार के रूप में लड़ा और नेपाली कांग्रेस और कम्युनिस्ट पार्टियों के उम्मीदवारों को हराकर जीत हासिल की थी।

मिसरी ने दिया हर मदद का भरोसा

वहीं, भारतीय विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने भोटेकोशी बाढ़ के बाद नेपाल के इंफ्रास्ट्रक्चर को फिर से बनाने में भारत की हर संभव मदद का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि भारत अपना नया रिकवरी प्लान बनाते समय नेपाल के खास अनुरोध और प्रोजेक्ट के प्रस्ताव पर विचार करने को तैयार है। मिसरी ने भारत-नेपाल संबंधों की जमकर तारीफ की और कहा कि दोनों देश अच्छे और बुरे दोनों तरह के हालात में एक-दूसरे के साथ खड़े हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here