पटना: बिहार के कटिहार में आर्थिक अपराध इकाई की छापेमारी से शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है। किशनगंज में तैनात जिला कार्यक्रम पदाधिकारी रूबी कुमारी और उनके पति गौरव कुमार के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में EOU ने बड़ी कार्रवाई की है। करीब 9 घंटे तक चली रेड में दो ठिकानों से नकदी, सोना, बैंक पासबुक और जमीन से जुड़े दस्तावेज मिले हैं।
एक साथ दो ठिकानों पर छापा
EOU की टीम ने मंगलवार सुबह कटिहार के सहायक थाना क्षेत्र के ऑफिसर्स कॉलोनी में रूबी कुमारी के पैतृक आवास और उनके निजी अपार्टमेंट पर एक साथ छापेमारी शुरू की। कार्रवाई की खबर फैलते ही पूरे शिक्षा विभाग में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया। बिहार पुलिस मुख्यालय के आर्थिक अपराध प्रभाग के प्रेस नोट के मुताबिक, रूबी कुमारी और गौरव कुमार के खिलाफ आपराधिक साजिश के तहत आय के ज्ञात वैध स्रोतों से अधिक संपत्ति अर्जित करने के प्रथम दृष्टया सबूत मिले हैं।
2.45 करोड़ की अधिक संपत्ति का आरोप
आरोप है कि दंपति ने कुल 2 करोड़ 45 लाख 84 हजार रुपये की आय से अधिक संपत्ति बनाई है। यह उनकी ज्ञात आय से करीब 87.49 प्रतिशत ज्यादा बताई जा रही है। EOU के DSP मिथिलेश कुमार जायसवाल ने बताया कि 9 घंटे की छापेमारी में कटिहार के दोनों ठिकानों से 2 लाख 80 हजार रुपये नकद, 229 ग्राम सोना, बैंक पासबुक और जमीन के दस्तावेज बरामद हुए हैं। जमीन के कागजातों की जांच मुख्यालय स्तर पर की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद विस्तृत प्रेस विज्ञप्ति जारी की जाएगी।
कटिहार-पूर्णिया में भी रही हैं DPO
रूबी कुमारी इससे पहले कटिहार और पूर्णिया जिले में भी शिक्षा विभाग की DPO रह चुकी हैं। फिलहाल उनकी तैनाती किशनगंज में है। सूत्रों के मुताबिक, 2018 से 2025 के बीच सात सालों में रूबी कुमारी ने अलग-अलग जगहों पर जमीन खरीदी थी। अब जांच एजेंसी बरामद दस्तावेजों के आधार पर संपत्ति और आय के स्रोतों की पड़ताल कर रही है। फिलहाल EOU की जांच जारी है। बरामद संपत्ति और जमीन के दस्तावेजों की पूरी जानकारी सामने आने के बाद ही आगे की कार्रवाई स्पष्ट हो सकेगी।












