नई दिल्ली: आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में सोमवार रात हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) की तेल रिफाइनरी में जोरदार धमाका होने से भीषण आग लग गई। घटना के बाद आसपास के इलाकों में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर सामने आए वीडियो और तस्वीरों में रिफाइनरी के आसपास आग की ऊंची लपटें और घना धुआं दिखाई दिया।
आग पर काबू पाने के लिए दमकल की कई गाड़ियां और HPCL की टीमें मौके पर पहुंचीं। अधिकारियों के मुताबिक, आग रिफाइनरी की रेसिड्यू अपग्रेडेशन फैसिलिटी (RUF) में लगी थी। फिलहाल धमाके की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। राहत की बात यह है कि अधिकारियों ने अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं दी है। साथ ही, उन्होंने धुएं के खतरनाक होने की आशंका से भी इनकार किया है।












