नई दिल्ली: भारतीय टीम बुधवार से न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की वनडे सीरीज का आगाज करने जा रही है। पहला मुकाबला ऑकलैंड के ईडन पार्क में खेला जाएगा, लेकिन इस मैदान पर टीम इंडिया का रिकॉर्ड चिंता बढ़ाने वाला है। यहां भारत का पलड़ा न्यूजीलैंड के सामने अक्सर हल्का रहा है। ईडन पार्क में भारत ने अब तक कुल 11 वनडे मैच खेले हैं, जिसमें से सिर्फ 4 में जीत मिली है, 6 में हार का सामना करना पड़ा है और एक मैच टाई रहा है। न्यूजीलैंड के खिलाफ तो यह रिकॉर्ड और भी खराब है।
1976 में खेला था पहला मैच
भारत ने इस मैदान पर अपना पहला वनडे 22 फरवरी 1976 को खेला था। सुनील गावस्कर की कप्तानी में भारतीय टीम को 80 रनों से हार झेलनी पड़ी थी। उसके बाद से टीम ने यहां 10 और वनडे खेले हैं, जिसमें 2015 वर्ल्ड कप में जिम्बाब्वे के खिलाफ 6 विकेट से मिली जीत भी शामिल है। आखिरी बार भारत और न्यूजीलैंड इसी मैदान पर नवंबर 2022 में भिड़े थे, जहां टीम इंडिया को 7 विकेट से करारी हार मिली थी।
पिछली भिड़ंत में लैथम ने छीनी थी जीत
25 नवंबर 2022 को खेले गए उस मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 306 रन बनाए थे। शिखर धवन, शुभमन गिल और श्रेयस अय्यर ने फिफ्टी लगाकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया था। न्यूजीलैंड के लिए टिम साउदी और लॉकी फर्ग्यूसन ने 3-3 विकेट लिए थे। लक्ष्य का पीछा करने उतरी कीवी टीम ने 47.1 ओवर में ही 309 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। टॉम लैथम ने नाबाद 145 रनों की तूफानी पारी खेली थी और केन विलियमसन ने उनका बखूबी साथ दिया था। भारत के लिए उमरान मलिक ने 2 विकेट लिए, लेकिन वे हार नहीं टाल सके।
अब बुधवार को एक बार फिर टीम इंडिया इसी मैदान पर उतरेगी, जहां उसे न सिर्फ जीत की तलाश होगी बल्कि इस मैदान पर अपने खराब रिकॉर्ड को सुधारने की चुनौती भी होगी।












