राहुल की रैली पर संबित पात्रा का तंज, बोले- 10 लाख की भीड़ कहां? शिव की बारात नहीं, अराजकता का तमाशा

0
8

नई दिल्ली: दिल्ली के रामलीला मैदान में INDIA गठबंधन की ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली के बाद बीजेपी ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। बीजेपी सांसद संबित पात्रा ने रैली में भीड़ के दावे को झूठा बताया और राहुल गांधी के भाषण को समय की बर्बादी करार दिया। पात्रा ने कहा कि कांग्रेस ने 10 लाख लोगों के जुटने का दावा किया था, लेकिन हकीकत कुछ और थी। उन्होंने सवाल उठाया, “10 लाख लोग कहां थे? हमें दिखाइए।” पात्रा के मुताबिक रामलीला मैदान का 40 फीसदी हिस्सा खाली पड़ा था। मैदान में लगी 28 हजार कुर्सियों में से 5 से 7 हजार कुर्सियां दोपहर 3.30 से 4 बजे तक खाली थीं। इतने दलों और झंडों के बावजूद कांग्रेस भीड़ नहीं जुटा पाई।

2024 चुनाव को अवैध बताने पर घेरा

राहुल गांधी के 2024 लोकसभा चुनाव को अवैध बताने वाले बयान पर पात्रा ने कहा कि ज्ञानेश कुमार उस वक्त मुख्य चुनाव आयुक्त थे ही नहीं, वे 2025 में इस पद पर आए। अगर 2024 का चुनाव अवैध है तो फिर राहुल का नेता प्रतिपक्ष बनना और कांग्रेस सांसदों का चुना जाना भी अवैध है। उन्होंने चुनौती दी कि कांग्रेस अदालत में चुनाव को चुनौती देने वाली याचिका दिखाए, रैली में खड़े होकर चुनाव को अवैध घोषित नहीं किया जा सकता।

पात्रा ने कहा, “PM का मतलब सिर्फ प्रधानमंत्री नहीं, पसीना और मेहनत भी है। कोई अपनी मेहनत से PM बनता है। ऐसे हथकंडों से कोई प्रधानमंत्री नहीं बनता।”

विदेश यात्रा और सिख दंगों का जिक्र

पात्रा ने राहुल की विदेश यात्राओं पर तंज कसते हुए कहा कि उनके पासपोर्ट पर वियतनाम और बैंकॉक के स्टैम्प हैं। कभी किसी ने उन्हें चांदनी चौक में खरीदारी करते देखा है? उन्होंने रैली की तारीख पर भी सवाल उठाया। पात्रा ने कहा कि 1 नवंबर को 1984 में हजारों सिखों की हत्या हुई थी, उन्हें घरों से निकालकर जिंदा जलाया गया था। अपील के बावजूद राहुल ने रैली टालने से इनकार कर दिया। यह पीड़ित परिवारों की भावनाओं का अपमान है। उन्होंने राजीव गांधी के ‘बड़ा पेड़ गिरता है तो धरती हिलती है’ वाले बयान का जिक्र कर राहुल पर लोकतंत्र कमजोर करने का आरोप लगाया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here