वृंदावन: ठाकुर श्री बांके बिहारी मंदिर में दर्शन व्यवस्था को और सुगम बनाने के लिए गोस्वामी समाज से जुड़े श्रद्धालुओं के प्रवेश की व्यवस्था में बदलाव किया जाएगा। इसके तहत मंदिर के सेवायत गोस्वामियों के यजमानों को अग्रिम पंजीकरण (प्री-रजिस्ट्रेशन) के बाद मंदिर में प्रवेश की सुविधा देने की तैयारी है। वहीं, आकस्मिक परिस्थितियों में तत्काल पंजीकरण की व्यवस्था पर भी विचार किया जा रहा है। शनिवार को शहीद लक्ष्मण भवन के सभागार में सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर गठित हाई पावर्ड कमेटी की बैठक में इस प्रस्ताव समेत मंदिर प्रबंधन से जुड़े कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई।
दर्शन व्यवस्था सुधारने और विशेष प्रवेश पर मंथन
सेवानिवृत्त न्यायाधीश अशोक कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में कार्तिक मास के दौरान मंदिर में श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए दर्शन व्यवस्था को बेहतर बनाने पर मंथन हुआ। बैठक में श्रद्धालुओं को कम से कम असुविधा के साथ सुगमता से दर्शन कराने के लिए आवश्यक इंतजाम करने पर सहमति बनी। तय किया गया कि बैठक के बाद कमेटी मंदिर परिसर का स्थलीय निरीक्षण करेगी। इसके बाद व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देकर उन्हें लागू करने की दिशा में कदम उठाए जाएंगे। गोस्वामी समाज के सेवायतों से जुड़े यजमानों के लिए विशेष प्रवेश व्यवस्था बनाने के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई। इसके साथ ही सरकारी विभागों, राजनीतिक और मीडिया जगत से आने वाले लोगों के दर्शन के लिए भी उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विचार किया गया।
ढाई महीने में मंदिर को मिला 5.37 करोड़ का चढ़ावा
बैठक के बाद कमेटी के अध्यक्ष अशोक कुमार ने बताया कि मंदिर में दर्शन के लिए विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग आते हैं। ऐसे में सभी को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थाएं तैयार की जा रही हैं, ताकि आम श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो। उन्होंने बताया कि मंदिर में श्रद्धालुओं की ओर से दिए जाने वाले चढ़ावे में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। पिछले ढाई महीने में मंदिर की गोलकों से करीब पांच करोड़ 37 लाख रुपये की धनराशि प्राप्त हुई है। अभी चार गोलकों की गिनती होना बाकी है। इनसे करीब 50 से 60 लाख रुपये मिलने का अनुमान है। इस तरह ढाई महीने में मंदिर की कुल आय लगभग छह करोड़ रुपये तक पहुंचने की संभावना है। यह पिछले वर्ष की इसी अवधि की तुलना में करीब डेढ़ करोड़ रुपये अधिक है।
बैठक में कमेटी के सदस्य और प्रशासनिक अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में कमेटी के सदस्य मुकेश मिश्रा, जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार, जिला जज विकास कुमार, मथुरा मुंसिफ प्रत्युष नंदन, राजभोग सेवायत शैलेंद्र गोस्वामी, रजत गोस्वामी, शयन भोग सेवायत गोपेश गोस्वामी, हिमांशु गोस्वामी और सीओ संदीप सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
Reported By: Prem Kaushik












