इस्तांबुल में प्री-वेडिंग शूट के दौरान हवा में उड़ने लगी दुल्हन, फोटोग्राफर ने ऐसे बचाई जान

0
11

नई दिल्ली: तुर्की के इस्तांबुल में एक दुल्हन अपने प्री-वेडिंग फोटोशूट के दौरान कुछ खूबसूरत यादें कैमरे में कैद करा रही थीं, लेकिन अचानक आए तेज हवा के झोंके ने इस पल को डरावने हादसे में बदल दिया। दुल्हन के हाथ में मौजूद बड़े-बड़े गुब्बारे हवा के साथ इस कदर ऊपर उठे कि उनका संतुलन बिगड़ने लगा। वह जमीन पर टिके रहने के लिए संघर्ष करती नजर आईं। तभी फोटोग्राफर ने फुर्ती दिखाते हुए दौड़कर उन्हें संभाल लिया। इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

यह घटना 26 अक्टूबर को इस्तांबुल में बोस्फोरस स्ट्रेट के किनारे हुई। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर @ShahidRaza97 नाम के हैंडल से इसका वीडियो शेयर किया गया है। इसमें दुल्हन खूबसूरत गाउन पहने नजर आती हैं। उनके हाथ में बेज रंग के बड़े गुब्बारों का गुच्छा है। पीछे बोस्फोरस और वहां बना पुल दिखाई दे रहा है। शुरुआत में फोटोशूट सामान्य तरीके से चल रहा था और दुल्हन कैमरे के सामने पोज दे रही थीं। इसी दौरान अचानक हवा की रफ्तार बढ़ गई। गुब्बारे तेजी से हवा में लहराने लगे और उनके खिंचाव से दुल्हन का संतुलन बिगड़ने लगा। वह खुद को संभालने की कोशिश करती रहीं, लेकिन हवा का दबाव इतना ज्यादा था कि उनके पैर पीछे की ओर खिसकने लगे।

फोटोग्राफर ने दिखाई गजब की फुर्ती

वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि दुल्हन गुब्बारों को पकड़े हुए पीछे की तरफ खिंचती चली जा रही हैं। उनकी लंबी ड्रेस भी जमीन पर घिसट रही थी। कुछ पल के लिए ऐसा लगा कि हवा उन्हें जमीन से ऊपर उठा देगी। वह समुद्र किनारे बनी दीवार और पास की इमारत की दिशा में बढ़ने लगीं। खतरा भांपते ही फोटोग्राफर ने बिना समय गंवाए कैमरा छोड़ा और दुल्हन की तरफ दौड़ पड़े। उन्होंने तुरंत उन्हें पकड़कर आगे खिंचने से रोक लिया। आसपास मौजूद दूसरे लोग भी मदद के लिए पहुंच गए। इस तरह समय रहते दुल्हन को संभाल लिया गया और कोई चोट नहीं आई। बाद में फोटोशूट भी पूरा कर लिया गया।

यूजर्स ने फोटोग्राफर को बताया हीरो

इस वीडियो को देखकर सोशल मीडिया यूजर्स हैरान होने के साथ-साथ राहत भी जता रहे हैं। कई लोगों ने इस घटना की तुलना हॉलीवुड की एनिमेशन फिल्म ‘अप’ से की है, जिसमें गुब्बारों की मदद से एक घर आसमान में उड़ जाता है। एक यूजर ने मजाक में लिखा, ‘वह गुब्बारे कभी नहीं छोड़तीं, हाहा।’ वहीं, बड़ी संख्या में लोग फोटोग्राफर की तारीफ कर रहे हैं। कमेंट्स में ‘फोटोग्राफर डिजर्व्स ए डिप’ जैसी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। यानी यूजर्स का मानना है कि दुल्हन को बचाने के लिए फोटोग्राफर को खास इनाम या सराहना मिलनी चाहिए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here