नई दिल्ली: स्पेन में बुधवार सुबह एक बड़ा रेल हादसा हो गया। मेड्रिड-अंडालूसिया लाइन पर दो हाई-स्पीड ट्रेनों की आमने-सामने टक्कर में कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई। रेल ऑपरेटर अदीफ ने हादसे की पुष्टि की है। अधिकारियों ने बताया कि घायलों की सही संख्या और हादसे के कारणों का अभी पता लगाया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, यह टक्कर बुधवार सुबह 9 बजे के बाद हुई। हादसे में सरकारी कंपनी रेनफे और प्राइवेट कंपनी इरियो की ट्रेनें शामिल थीं। कैस्टिला-ला मांचा क्षेत्रीय सरकार के प्रवक्ता ने बताया कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि इरियो ट्रेन के दो डिब्बे पटरी से उतर गए।
🚨 اسپین میں دو تیز رفتار ٹرینوں میں خوفناک تصادم اسپین کے شہر ٹولیڈو کے قریب دو تیز رفتار ٹرینیں آپس میں ٹکرا گئیں، ابتدائی اطلاعات کے مطابق حادثے میں متعدد افراد زخمی ہوئے ہیں https://t.co/2Yb5mj6mqi
— Mohammad Shehzad Khan (@MShehzadSpeaks) October 28, 2026
रूट बंद, बिखरा पड़ा मलबा
हादसे के बाद मेड्रिड-अंडालूसिया हाई-स्पीड कॉरिडोर पर सभी ट्रेन सेवाएं रोक दी गई हैं। कैस्टिला-ला मांचा टेलीविजन पर दिखाए गए वीडियो में एक ट्रेन पटरी से उतरी हुई नजर आई। एक डिब्बा ट्रैक के ऊंचे हिस्से पर फंसा हुआ था, जबकि नीचे तटबंध पर मुड़ा हुआ मेटल, टूटे पैनल और मलबा बिखरा पड़ा था।
स्थानीय प्रशासन अलर्ट पर है। पास के शहर उर्दा के मेयर मैनुअल गैलन ने बताया कि इमरजेंसी सेवाओं ने लोकल काउंसिल से यात्रियों और घायलों के लिए स्पोर्ट्स हॉल और अन्य सुविधाएं तैयार रखने को कहा है ताकि राहत कार्य में तेजी लाई जा सके।
9 महीने में दूसरा बड़ा हादसा
यह हादसा उसी रेल लाइन पर 9 महीने के अंदर दूसरी बड़ी टक्कर है। इसी साल जनवरी में कॉर्डोबा प्रांत के एडमुज के पास एक ट्रेन के पटरी से उतरकर सामने से आ रही ट्रेन से टकराने से 46 लोगों की मौत हो गई थी। जनवरी की घटना के बाद स्पेन में रेलवे के बुनियादी ढांचे और मेंटेनेंस में निवेश को लेकर सवाल उठे थे। अब दोबारा हुए हादसे ने सुरक्षा व्यवस्था पर फिर से बहस छेड़ दी है।
पीएम ने रद्द किए कार्यक्रम, बचाव कार्य जारी
हादसे के बाद स्पेन की सियासत भी थम सी गई है। सरकार की वेबसाइट के अनुसार, प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज ने बुधवार के सभी आधिकारिक कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं। वहीं विपक्षी पार्टी पीपुल्स पार्टी ने भी अपने सभी चुनाव प्रचार कार्यक्रम कैंसिल कर दिए हैं। बचाव दल मौके पर मौजूद है और राहत-बचाव कार्य जारी है।












