नाहर ग्रुप के चेयरमैन कमल ओसवाल ने रविवार को टेक्सटाइल क्षेत्र की मौजूदा इकाइयों के आधुनिकीकरण, रिन्यूएबल एनर्जी और मोहाली में डेटा सेंटर स्थापित करने के लिए 1,500 करोड़ रुपये के निवेश की घोषणा की।
यह घोषणा उन्होंने यहां आयोजित प्रोग्रेसिव पंजाब इन्वेस्टर्स समिट 2026 के समापन दिवस पर संबोधित करते हुए की। ओसवाल ने कहा कि तीन दिवसीय समिट ने यह साबित कर दिया है कि पंजाब एक बार फिर उद्योग, निवेश और विकास के लिए तैयार है।
उन्होंने कहा कि समिट के दौरान देश के प्रमुख औद्योगिक समूहों की ओर से बड़े निवेश की घोषणाएं की गई हैं। इससे पंजाब एक आकर्षक निवेश गंतव्य के रूप में उभर रहा है। इन निवेश प्रस्तावों से रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और औद्योगिक विकास को गति मिलेगी।
ओसवाल ने कहा कि एक समय ऐसा था, जब पंजाब में औद्योगिक विकास धीमा पड़ गया था और उद्योग राज्य से बाहर निवेश के विकल्प तलाश रहे थे। लेकिन मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में निवेशकों के अनुकूल माहौल तैयार करके उद्योग जगत का भरोसा दोबारा बहाल किया गया है।
उन्होंने कहा कि निवेशक एक बार फिर पंजाब की ओर रुख कर रहे हैं और राज्य देश के प्रमुख औद्योगिक राज्यों में अपना उचित स्थान निश्चित रूप से हासिल करेगा।
इस अवसर पर अरिसुदाना इंडस्ट्रीज के प्रबंध निदेशक गगन खन्ना ने उद्योग जगत को लगातार सहयोग और प्रोत्साहन देने के लिए पंजाब सरकार का आभार जताया। उन्होंने कहा कि पंजाब में जल्द ही औद्योगिक विकास में तेजी आएगी और राज्य देश का नंबर एक औद्योगिक राज्य बनने की दिशा में आगे बढ़ेगा।












