नई दिल्ली: दिल्ली की बेटियों के सपनों को पंख देने और उनकी सुरक्षा को मजबूत बनाने के संकल्प के साथ मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को दिल्ली विश्वविद्यालय के दौलत राम कॉलेज में सेंटेनरी शैक्षणिक भवन कंप्यूटर केंद्र और कौशल विकास केंद्र का उद्घाटन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने छात्राओं को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का संदेश देते हुए कहा कि उनकी सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों के लिए दिल्ली सरकार हर कदम पर उनके साथ खड़ी है।
स्मार्ट लाइट और कैमरों से सुरक्षा का मजबूत पहरा
मुख्यमंत्री ने बताया कि दिल्ली में एक लाख स्मार्ट स्ट्रीट लाइट लगाने और उन्हें नियंत्रण एवं कमान केंद्र से जोड़ने की योजना पर काम किया जा रहा है। इसके साथ 50 हजार नए सीसीटीवी कैमरे लगाने की भी तैयारी है। इन पहलों से अंधेरे वाले स्थानों की पहचान, निगरानी और महिला सुरक्षा को मजबूती मिलेगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि लड़कियों की सुरक्षा के नाम पर उन पर पाबंदियां लगाने के बजाय समाज को अपनी सोच बदलनी होगी। लड़कों और पुरुषों को महिलाओं का सम्मान करना सिखाना जरूरी है।
छात्र राजनीति से मुख्यमंत्री की कुर्सी तक का सफर
दौलत राम कॉलेज की पूर्व छात्रा रहीं मुख्यमंत्री ने अपने विद्यार्थी जीवन की यादें साझा कीं। उन्होंने बताया कि कॉलेज छात्रसंघ की महासचिव बनने से उनके सार्वजनिक जीवन की शुरुआत हुई। छात्र राजनीति ने उन्हें जनसमस्याओं को समझने और समाधान के लिए काम करने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम में छात्राओं ने आत्मरक्षा का प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री ने उनके साहस की सराहना करते हुए उन्हें अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने और अपने फैसले स्वयं लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा और व्यावहारिक प्रशिक्षण को आत्मनिर्भरता की मजबूत नींव बताया।
Reported By: Pankaj Rai












