उमर अब्दुल्ला ने किया कैबिनेट विस्तार, अली मोहम्मद सागर समेत 4 नेताओं को मिली जगह

0
10

नई दिल्ली: जम्मू-कश्मीर की उमर अब्दुल्ला सरकार ने अपने मंत्रिमंडल का विस्तार करते हुए चार नए मंत्रियों को शामिल किया है। मंगलवार को श्रीनगर स्थित लोक भवन में आयोजित समारोह में चार नेताओं ने मंत्री पद की शपथ ली। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने अली मोहम्मद सागर, अल्ताफ अहमद वानी उर्फ अल्ताफ कालू, मीर सैफुल्लाह और शमीमा फिरदौस को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। खास बात यह है कि मंत्रिमंडल में शामिल किए गए चारों नेता कश्मीर घाटी से आते हैं।

कौन हैं अली मोहम्मद सागर?

अली मोहम्मद सागर जम्मू-कश्मीर की राजनीति का जाना-पहचाना चेहरा हैं। वह पहले भी मंत्री रह चुके हैं और सात बार विधायक चुने गए हैं। उन्होंने 1983 में पहली बार बटमालू विधानसभा सीट से चुनाव जीतकर विधानसभा में प्रवेश किया था। 1987 में भी उन्होंने इसी सीट से जीत दर्ज की। इसके बाद 1996 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने खानयार सीट से चुनाव लड़ा और जीत हासिल की।

सागर ने 2024 के विधानसभा चुनाव में भी खानयार सीट पर अपनी जीत का सिलसिला जारी रखा। इस चुनाव में उन्होंने निर्दलीय उम्मीदवार और श्रीनगर के पूर्व डिप्टी मेयर शेख इमरान को 9,912 वोटों के अंतर से हराया। फिलहाल वह नेशनल कॉन्फ्रेंस (NC) के महासचिव हैं। उनकी राजनीतिक यात्रा की एक खास बात यह है कि वह अब तक कोई चुनाव नहीं हारे हैं।

मीर सैफुल्लाह और अल्ताफ कालू का राजनीतिक सफर

मीर सैफुल्लाह भी लंबे समय से जम्मू-कश्मीर की राजनीति में सक्रिय हैं। उन्होंने 1996 में कुपवाड़ा विधानसभा सीट से पहली बार जीत हासिल की थी। इसके बाद 2002, 2008 और 2014 के विधानसभा चुनावों में भी उन्होंने अपनी सीट बरकरार रखी। 2024 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने त्रेहगाम सीट से चुनाव लड़ा और पीपल्स कॉन्फ्रेंस के उम्मीदवार बशीर अहमद डार को करीब 4,000 वोटों से हराया।

वहीं, अल्ताफ अहमद वानी, जिन्हें अल्ताफ कालू के नाम से भी जाना जाता है, पहलगाम विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं। वह इस सीट से दो बार विधायक चुने जा चुके हैं। उन्होंने 2014 और 2024 के विधानसभा चुनावों में जीत दर्ज की। 2024 में उन्होंने अपनी ही पार्टी के नेता रफी अहमद मीर को 13,000 से अधिक वोटों के अंतर से हराया था।

शमीमा फिरदौस भी मंत्रिमंडल में शामिल

शमीमा फिरदौस वकालत से राजनीति में आई हैं। वह नेशनल कॉन्फ्रेंस की महिला इकाई की प्रदेश अध्यक्ष हैं और श्रीनगर की हब्बा कदल विधानसभा सीट से विधायक हैं। मंत्रिमंडल विस्तार के बाद उमर अब्दुल्ला सरकार में इन चार नेताओं की भूमिका अहम रहने वाली है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here