ATM में लोहे की पट्टी लगाकर उड़ाते थे नकदी, द्वारका पुलिस ने दबोचे दो शातिर

0
9

नई दिल्ली: राजधानी में एटीएम से नकदी निकालने के लिए शातिरों ने नया तरीका अपनाया लेकिन द्वारका जिला पुलिस की सतर्कता ने उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया। विशेष स्टाफ की टीम ने एटीएम में लोहे की पट्टियां फंसाकर नकदी निकालने के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से पांच लोहे की पट्टियां, तीन डेबिट कार्ड, दो मोबाइल फोन और फर्जी नंबर प्लेट लगी मारुति स्विफ्ट डिजायर कार बरामद की है।

द्वारका जिला डीसीपी कुशल पाल सिंह ने बताया कि 21 अक्टूबर को मुंबई स्थित एक्सिस बैंक के नियंत्रण कक्ष से डाबड़ी थाना क्षेत्र के महावीर एन्क्लेव भाग-दो में एटीएम से छेड़छाड़ और चोरी के प्रयास की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस को आरोपी नहीं मिले। पालम इलाके में भी इसी तरह की वारदात सामने आई। इसके बाद डाबड़ी थाने में प्राथमिकी संख्या 627/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 318(4) 305 और 62 में मामला दर्ज किया गया।

सीसीटीवी ने खोला राज दूसरी वारदात से पहले गिरफ्तारी

डीसीपी के निर्देश पर विशेष स्टाफ ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले स्थानीय सूचना तंत्र सक्रिय किया और तकनीकी निगरानी के जरिए आरोपियों का सुराग जुटाया। 23 अक्टूबर को सेक्टर-26, द्वारका में जामिल खान (26) और विनय (23), निवासी मोहम्मदपुर सोहना, गुरुग्राम को उस समय पकड़ा गया, जब वे कथित तौर पर एक और वारदात करने जा रहे थे।

पूछताछ में आरोपियों ने एटीएम में लोहे की पट्टी लगाकर नकदी निकालने की बात स्वीकार की। उन्होंने सागरपुर और रोहिणी के चार-पांच अन्य एटीएम में भी इसी तरीके से छेड़छाड़ करने का खुलासा किया। पुलिस अब अन्य वारदातों में उनकी संलिप्तता की जांच कर रही है।

कार्रवाई करने वाली टीम में निरीक्षक कमलेश कुमार के नेतृत्व में उपनिरीक्षक जयबीर, उपनिरीक्षक दिनेश कुमार, सहायक उपनिरीक्षक करतार सिंह तथा हेड कांस्टेबल नरेश, राजेश और अजय शामिल रहे। पूरी कार्रवाई एसीपी (ऑपरेशंस यूनिट्स) सुभाष मलिक की निगरानी में की गई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here