नई दिल्ली: राजधानी में राह चलते लोगों के मोबाइल फोन झपटकर फरार होने वाले आरोपियों के खिलाफ दक्षिण जिला पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए दो कथित मोबाइल झपटमारों को गिरफ्तार किया है। फतेहपुर बेरी थाना पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से शिकायतकर्ता का छीना गया सैमसंग मोबाइल, तीन अन्य मोबाइल फोन और वारदात में कथित तौर पर इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस अब बरामद मोबाइल फोन के संबंध में भी जांच कर रही है।
मेट्रो स्टेशन से घर लौट रहे युवक को बनाया निशाना
साउथ जिला डीसीपी अनंत मित्तल ने बताया कि 20 अक्टूबर को राजकुमार (39) सुल्तानपुर मेट्रो स्टेशन से घर लौट रहे थे। इसी दौरान सीआरसी सुल्तानपुर के पास मोटरसाइकिल सवार दो आरोपियों ने कथित तौर पर उनका सैमसंग मोबाइल फोन झपट लिया और मौके से फरार हो गए। शिकायत के आधार पर फतेहपुर बेरी थाने में प्राथमिकी संख्या 442/2026, भारतीय न्याय संहिता की धारा 304(2)/3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया।
सीसीटीवी से खुला राज, दो आरोपी गिरफ्तार
मामले की जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। मोटरसाइकिल की पहचान, वाहन सत्यापन, तकनीकी निगरानी और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने जुनापुरा निवासी नितेश (27) और सनी देव उर्फ लल्लू (25) को गिरफ्तार कर लिया।
चार मोबाइल और मोटरसाइकिल बरामद
पुलिस के मुताबिक नितेश के पास से शिकायतकर्ता का सैमसंग मोबाइल और मोटरसाइकिल बरामद हुई। सनी देव के कब्जे से इनफिनिक्स, वनप्लस और वीवो मोबाइल फोन मिले। इनमें दो फोन साकेत और महरौली थानों में गुमशुदगी की रिपोर्ट से संबंधित बताए गए हैं। कार्रवाई करने वाली टीम ने एसआई अंकित, एसआई नसीब, एएसआई चंदरपाल, हेड कांस्टेबल प्रदीप, हेड कांस्टेबल सुभाष और हेड कांस्टेबल विजेंद्र शामिल रहे। एसएचओ जय भगवान के नेतृत्व तथा एसीपी महरौली की निगरानी में कार्रवाई की गई।












