'भाई, बचा लो' मर्डर से पहले आशिया का आखिरी मैसेज, डिजायर से अगवा कर झाड़ियों में फेंकी लाश

0
11

लखनऊ: लखनऊ के दुबग्गा थाना क्षेत्र में आउटर रिंग रोड की सर्विस लेन पर झाड़ियों में युवती की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान उन्नाव के सफीपुर की रहने वाली 25 साल की आशिया उर्फ नरगिस उर्फ टीना के तौर पर हुई है। आशंका है कि हत्या कहीं और कर शव को सैदपुर गांव के पास झाड़ियों में फेंक दिया गया। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि मरने से पहले आशिया ने भाई-बहन को व्हाट्सएप मैसेज कर अपहरण की जानकारी दी और जान बचाने की गुहार लगाई थी।

दो शादियां टूटीं, किराए पर रहती थी आशिया

परिजनों के मुताबिक आशिया की जिंदगी में काफी उतार-चढ़ाव रहे। करीब 7 साल पहले वह गांव के एक हिंदू युवक से प्रेम विवाह कर दिल्ली चली गई थी। दोनों की 4 साल की एक बेटी भी है। दो साल बाद पति से विवाद के बाद वह लौट आई। फिर पिता कमरुद्दीन ने 21 फरवरी 2021 को उसका दूसरा निकाह माखी के रुपऊ गांव के नासिर से कराया, लेकिन अनबन के चलते वह एक रात में ही ससुराल छोड़कर आ गई। पिता ने नाराज होकर उसे घर से निकाल दिया, जिसके बाद वह सफीपुर में किराए के मकान में बेटी के साथ रहने लगी। पिछले एक महीने से वह नवाबगंज में बड़ी बहन नसरीन के पास रह रही थी।

सिर पर वार कर घोंटा गला 

पुलिस ने मौके से मिले कागजात से शिनाख्त कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। रविवार को आई रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि पहले सिर पर भारी चीज से वार किया गया, फिर गला घोंटकर हत्या की गई। मौत की मुख्य वजह गला दबाना है। पुलिस ने विसरा सुरक्षित रख लिया है।

आखिरी मैसेज में बहन पर लगाया आरोप

शनिवार को आशिया नवाबगंज से उन्नाव जा रही थी, तभी रास्ते में उसका अपहरण हो गया। मौत से कुछ देर पहले उसके फोन से भाई और बहन नसरीन को मैसेज गया – “सफेद स्विफ्ट डिजायर से कुछ लोग उठा ले गए हैं। शाहीन ने पकड़वा दिया है, भाई बचा लो, इन लोगों ने रुपये भी छीन लिए। हमलावरों के नाम अरसलान, कल्लू और मुदब्बिर हैं, नाम पर्ची पर लिखकर बैग में रख दिए हैं।”

बड़ी बहन नसरीन की तहरीर पर दुबग्गा पुलिस ने हत्या और साक्ष्य मिटाने की धारा में केस दर्ज किया है। एसीपी काकोरी शकील अहमद ने बताया कि मैसेज के स्क्रीनशॉट जांच में शामिल किए गए हैं। कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ हो रही है और मोबाइल लोकेशन के आधार पर जल्द खुलासा किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here