कोल विधानसभा में अज्जू इसाक के नेतृत्व में गूंजी PDA पंचायत, भाजपा-बसपा और AIMIM छोड़कर कई लोगों ने थामा सपा का दामन

0
9

उत्तरप्रदेश: अलीगढ़ की कोल विधानसभा में अज्जू इसाक के नेतृत्व में PDA पंचायत का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी रही। पंचायत के दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों और संगठनों से जुड़े कई लोगों के समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने का दावा किया गया। कार्यक्रम में PDA की अवधारणा, सामाजिक न्याय, मतदाता सूची और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर चर्चा हुई।पंचायत की अध्यक्षता समाजवादी पार्टी की जिला अध्यक्ष लक्ष्मी धनगर ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में पार्टी पदाधिकारी राकेश बघेल मौजूद रहे। अतरौली विधायक एवं पूर्व विधायक वीरेश यादव सहित पार्टी के जिला और महानगर स्तर के पदाधिकारी, विभिन्न यूथ फ्रंटल संगठनों के अध्यक्ष और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता कार्यक्रम में शामिल हुए।

वंचितों और पिछड़ों के हक की लड़ाई लड़ेगी सपा: राकेश बघेल

आयोजकों के अनुसार, भाजपा छोड़कर राहुल लोधी और बड़ौली फतेहखां से अशोक कुशवाहा ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। वहीं, मडराक से जयसिंह कुशवाहा ने आरएसएस में अपने पद से इस्तीफा देने के बाद सपा में शामिल होने की बात कही। रामनगर गांव से बसपा के कप्तान सिंह बावजी और एआईएमआईएम छोड़कर मोहम्मद जैद के भी सपा की सदस्यता लेने का दावा किया गया।मुख्य अतिथि राकेश बघेल ने अपने संबोधन में कहा कि समाजवादी पार्टी पिछड़े, दलित और वंचित वर्गों के अधिकारों की लड़ाई लड़ती रहेगी। पूर्व विधायक वीरेश यादव ने पंचायत के आयोजन के लिए अज्जू इसाक को बधाई दी और वर्ष 2027 के चुनाव को लेकर शुभकामनाएं दीं।

बूथ पर ‘वोट चोरी’ रोकने और मतदाता सूची की निगरानी पर जोर, कार्यकर्ताओं से की सक्रिय रहने की अपील

सपा जिला अध्यक्ष लक्ष्मी धनगर ने कार्यकर्ताओं से मतदाता सूची में अधिक से अधिक पात्र मतदाताओं के नाम जुड़वाने की अपील की। उन्होंने प्रत्येक बूथ पर मतदाता सूची की निगरानी करने और कथित वोट चोरी रोकने के लिए संगठन को सक्रिय रखने पर जोर दिया।कार्यक्रम के दौरान युवाओं ने ‘वोट चोरी बंद करो’ और ‘आदरणीय अखिलेश यादव जिंदाबाद’ के नारे लगाए। पंचायत में अजीम अब्बासी, मोसिन मेवाती, लाला सैनी, संजय शर्मा, नगर अध्यक्ष डॉ. बादशाह, मुकेश महेश्वरी, रत्नाकर पांडे सहित अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।कार्यक्रम के समापन पर अज्जू इसाक ने सभी अतिथियों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। पंचायत को आगामी विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी की संगठनात्मक गतिविधियों और जनसंपर्क के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Reported By: Sandeep

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here