नई दिल्ली: राजधानी के गांवों में विकास की नई पटकथा लिखने और ग्रामीणों की उम्मीदों को नई उड़ान देने के संकल्प के साथ मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता रविवार को बाहरी दिल्ली के खेड़ा कलां गांव पहुंचीं। यहां म्युनिसिपल काउंसिलर कार्यालय में उन्होंने स्थानीय नागरिकों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय संवाद कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 139वीं कड़ी सुनी। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि दिल्ली के गांवों को बुनियादी सुविधाओं से मजबूत बनाना सरकार की प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मन की बात’ केवल संवाद का कार्यक्रम नहीं बल्कि देशभर में हो रहे प्रेरणादायी कार्यों को सामने लाने और जनभागीदारी से सकारात्मक बदलाव लाने का सशक्त माध्यम है। प्रधानमंत्री सहज भाषा में आम नागरिकों, सामाजिक संगठनों और विभिन्न समुदायों के उल्लेखनीय प्रयासों को देश के सामने रखते हैं, जिससे दूसरे लोगों को भी राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा मिलती है।
400 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों से नरेला को नई रफ्तार
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली के गांवों में टूटी सड़कें पेयजल की समस्या, सीवर व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट और बस सेवाओं की कमी जैसी परेशानियों के समाधान के लिए तेजी से काम किया जा रहा है। नरेला विधानसभा क्षेत्र में 400 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य किए गए हैं। सड़कों, पानी की आपूर्ति और सीवर पाइपलाइन से जुड़ी परियोजनाओं के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों की तस्वीर बदलने का प्रयास जारी है। उन्होंने कहा कि वह स्वयं गांव की बेटी हैं और ग्रामीण परिवारों की समस्याओं तथा अपेक्षाओं को भली-भांति समझती हैं। सरकार का लक्ष्य योजनाबद्ध तरीके से गांवों की समस्याओं का समाधान करना और वहां शहरों जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
दिल्ली के हर गांव तक पहुंचेगी विकास की रोशनी
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजधानी का कोई भी क्षेत्र विकास की दौड़ में पीछे नहीं रहेगा। दिल्ली के शेष 48 गांवों को भी शहरीकृत किया गया है। सरकार सड़क, जलापूर्ति, सीवर और प्रकाश व्यवस्था सहित आवश्यक सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है। महर्षि वाल्मीकि के योगदान का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और महापुरुषों के आदर्शों से जोड़ने का आह्वान किया। उन्होंने नागरिकों से दिल्ली को स्वच्छ और विकसित बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।कार्यक्रम में सांसद योगेंद्र चांदोलिया, विधायक राजकरण खत्री सहित अनेक जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
Reported By: Pankaj Rai












