नई दिल्ली: देशभर के निर्माताओं और व्यापारियों को अंतरराष्ट्रीय खरीदार उपलब्ध कराने का झांसा देकर साइबर ठगी का संगठित कारोबार चलाने वाले गिरोह का द्वारका जिला पुलिस ने पर्दाफाश किया है। साइबर थाना पुलिस ने पालम एक्सटेंशन सेक्टर-7 स्थित ‘वेब सॉल्यूशंस एक्सपोर्ट’ नाम से संचालित फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ करते हुए कुल 20 लोगों को पकड़ा है। इनमें फर्म का पंजीकृत मालिक और संचालन प्रबंधक भी शामिल हैं। पुलिस ने मौके से 34 मोबाइल फोन, 8 लैपटॉप, 14 सीपीयू, फर्जी प्रमाणपत्र, चेकबुक और बड़ी संख्या में दस्तावेज बरामद किए हैं।
द्वारका जिला पुलिस के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त-प्रथम विकास मीणा ने बताया कि साइबर अपराध की शिकायतों का विश्लेषण करते समय राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर संदिग्ध बैंक खातों की जानकारी सामने आई थी। जांच में पता चला कि ठगी की रकम जिले की विभिन्न बैंक शाखाओं में खोले गए दूसरे लोगों के खातों के जरिए प्राप्त की जा रही थी। इसी कड़ी में एक इंडसइंड बैंक खाता महाराष्ट्र में दर्ज साइबर ठगी की शिकायत से जुड़ा मिला।
इसके बाद उपनिरीक्षक विकास सांगवान के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल रवि डागर और कांस्टेबल नरेश की टीम ने बैंक खाते के धारक की पड़ताल शुरू की। लगातार जांच और जमीनी सत्यापन के बाद पुलिस टीम पालम एक्सटेंशन स्थित कार्यालय तक पहुंची। वहां छापा मारने पर एक पूरा फर्जी कॉल सेंटर संचालित मिला, जहां 20 लोग मोबाइल फोन, लैपटॉप और कंप्यूटर के जरिए देशभर के कारोबारियों को निशाना बना रहे थे। मामले में साइबर थाना द्वारका में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4)/3(5)/61(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
ऐसे बिछाते थे विदेशी कारोबार का मायाजाल
जांच में गिरोह की ठगी का तरीका बेहद शातिराना सामने आया। आरोपी गूगल पर उपलब्ध व्यापारिक जानकारियों, विज्ञापनों, व्यापार-व्यवसाय से जुड़े ऑनलाइन मंचों और सामाजिक माध्यमों के जरिए निर्माताओं तथा व्यापारियों से संपर्क करते थे। उन्हें विदेशी खरीदार उपलब्ध कराने और विदेशों में बड़े निर्यात ऑर्डर दिलवाने का सपना दिखाकर 5,900 रुपये प्लस जीएसटी और अन्य शुल्क वाली सदस्यता योजनाओं में शामिल किया जाता था।
सदस्यता लेने के बाद पीड़ित को एक कथित विदेशी खरीदार का व्हाट्सऐप नंबर दिया जाता था। हकीकत में यह खरीदार कोई विदेशी कारोबारी नहीं, बल्कि उसी फर्जी कॉल सेंटर का कर्मचारी होता था, जो विदेशी मोबाइल नंबरों के माध्यम से बातचीत करता था। वह व्यापारी को बड़े निर्यात ऑर्डर का भरोसा दिलाकर अपने जाल में फंसाता था।
इसके बाद असली खेल शुरू होता था। कथित विदेशी खरीदार व्यापारी से आईएसओ, जीएमपी, बीआरसी, आईईसी और खाद्य सुरक्षा जैसे प्रमाणपत्रों की मांग करता था। बड़ा विदेशी ऑर्डर हाथ से निकलने के डर से व्यापारी दोबारा उसी कंपनी से संपर्क करता था। कंपनी इन प्रमाणपत्रों के नाम पर लाखों रुपये वसूलकर नकली दस्तावेज थमा देती थी। इसके बाद फर्जी खरीदार एक और प्रमाणपत्र की मांग कर देता था और ठगी का सिलसिला लगातार चलता रहता था।
अलग-अलग विभाग बनाकर चल रहा था ठगी का कारोबार
पुलिस जांच में सामने आया कि इस पूरे नेटवर्क को बाकायदा कंपनी की तरह संचालित किया जा रहा था। इसमें बिक्री, सहायता एवं खरीदार संपर्क, फर्जी विदेशी खरीदार और सूचना प्रौद्योगिकी के अलग-अलग दल बनाए गए थे। फर्म का पंजीकरण एक ऐसे व्यक्ति के नाम पर कराया गया था, जिसने मासिक भुगतान के बदले अपनी पहचान का इस्तेमाल करने दिया था। जबकि पूरे कारोबार का संचालन प्रबंधक के हाथों में था।कॉल सेंटर से मिले इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच और कर्मचारियों से पूछताछ के दौरान महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश की साइबर ठगी की शिकायतों के तार भी इस गिरोह से जुड़े मिले। इंडसइंड बैंक और एक्सिस बैंक के खातों के साथ-साथ कॉल सेंटर से बरामद एक मोबाइल नंबर भी इन शिकायतों में सामने आया है।
भारी मात्रा में सामान बरामद
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 34 मोबाइल फोन, 8 लैपटॉप, 14 सीपीयू, फर्म की बिल बुक सहित 23 डायरियां, यस बैंक की दो चेकबुक, प्लास्टिक की परत चढ़े नकली प्रमाणपत्र और अन्य आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद किए हैं। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक विकास सांगवान, हेड कांस्टेबल रवि डागर और कांस्टेबल नरेश सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई को संगठित साइबर ठगी के नेटवर्क पर बड़ी चोट माना जा रहा है। पुलिस अब गिरोह के बैंक खातों, अन्य सहयोगियों और देशभर में इसके शिकार बने व्यापारियों की पहचान कर रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।










