मुजफ्फरनगर में सड़क हादसे में सब इंस्पेक्टर अरुण चाहर की मौत, सरकारी काम से लौटते समय हुआ हादसा

0
8

मुज़फ़्फ़रनगर:  जानसठ थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में सिविल लाइन थाना क्षेत्र की स्टेडियम चौकी के प्रभारी सब इंस्पेक्टर अरुण चाहर की मौत हो गई। बीती रात करीब 11 बजे पानीपत खटीमा राष्ट्रीय राजमार्ग पर चित्तौडा के पास हुए हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे।

उपचार के दौरान सब इंस्पेक्टर ने तोड़ा दम

पुलिस ने उन्हें उपचार के लिए जानसठ सीएचसी में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। सब इंस्पेक्टर के निधन की सूचना से मुज़फ़्फ़रनगर पुलिस विभाग में शोक छा गया।

एसपी सिटी ने दी हादसे की जानकारी

SP सिटी अमृत जैन के अनुसार, अरुण चाहर सरकारी कार्य से जानसठ थाना क्षेत्र गए थे। काम पूरा करने के बाद वह अपनी तैनाती वाले क्षेत्र सिविल लाइन की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सक उन्हें बचा नहीं सके।

अधिकारियों ने घटनास्थल का किया निरीक्षण

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी सिटी अमृत जैन और एसपी ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फील्ड यूनिट की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर दुर्घटना से जुड़ी परिस्थितियों का जायजा लिया। अधिकारियों ने हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

हादसे की जांच के लिए विशेष टीम गठित

पुलिस ने दुर्घटना की जांच के लिए विशेष टीम गठित की है। टीम उपलब्ध साक्ष्यों और घटनास्थल से मिली जानकारी के आधार पर हादसे की परिस्थितियों की पड़ताल करेगी। फिलहाल दुर्घटना का स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस विभाग ने जताया शोक

उपनिरीक्षक अरुण चाहर के असामयिक निधन पर मुज़फ़्फ़रनगर पुलिस परिवार ने गहरा दुख व्यक्त किया है। विभाग की ओर से दिवंगत अधिकारी को श्रद्धांजलि देते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना जताई गई है। सरकारी कार्य से लौटते समय हुए इस हादसे ने पुलिस विभाग को शोक में डाल दिया है। अब विशेष जांच टीम की पड़ताल से दुर्घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

 

Reported By: Rohit

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here