सोनिया गांधी और राजीव गांधी की प्रेम कहानी कैसे शुरू हुई? पहली मुलाकात से जुड़े दिलचस्प किस्से

0
14

नई दिल्ली: कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपनी शुरुआत के साथ ही एक खास वीडियो साझा किया है। इस वीडियो में उन्होंने अपनी जिंदगी के उस खूबसूरत दौर की यादें ताजा कीं, जब कैम्ब्रिज में उनकी मुलाकात पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी से हुई थी। प्यार, दोस्ती और साथ बिताए पलों की इन यादों के जरिए सोनिया गांधी ने अपनी आने वाली किताब की झलक भी दिखाई है। उनकी किताब ‘बिलॉन्गिंग- अ जर्नी ऑफ लव’ 10 नवंबर को लॉन्च होने वाली है।

करीब दो मिनट के इस वीडियो में सोनिया गांधी ने राजीव गांधी के साथ अपने रिश्ते की शुरुआत से जुड़े कई दिलचस्प किस्से साझा किए। उन्होंने उस रेस्तरां की तस्वीरें भी दिखाईं, जहां दोनों पहली बार मिले थे। X पर अपनी पहली पोस्ट में सोनिया गांधी ने लिखा, ‘कैम्ब्रिज के एक छोटे से ग्रीक रेस्तरां में मेरे प्यार का सफर शुरू हुआ। राजीव और मैंने प्यार, हंसी और यादों से भरी एक दुनिया बनाई। 10 नवंबर को मैं उस दुनिया को आपके साथ साझा करूंगी।’

कैम्ब्रिज के रेस्तरां में हुई थी पहली मुलाकात

वीडियो में सोनिया गांधी ने पुराने दिनों को याद करते हुए बताया कि इंग्लैंड में उस समय अच्छे खाने के विकल्प बहुत कम हुआ करते थे। आज की तरह हर जगह रेस्तरां नहीं मिलते थे। उन्हें इटैलियन खाना पसंद था और वह इसके लिए अच्छी जगह तलाशती रहती थीं। इसी दौरान उन्हें कैम्ब्रिज में वर्सिटी नाम का रेस्तरां मिला। यहीं उनकी मुलाकात राजीव गांधी से हुई थी। सोनिया गांधी ने राजीव को बेहद आकर्षक और शांत स्वभाव वाला इंसान बताया। उनकी पहली मुलाकात की यादें आज भी सोनिया के लिए खास मायने रखती हैं।

सोनिया गांधी ने बताया कि राजीव गांधी से पहली बार मिलने के बाद ही उन्हें महसूस हुआ था कि वह उनके साथ अपनी पूरी जिंदगी बिताना चाहेंगी। उनके मुताबिक, राजीव गांधी भी उनके लिए इसी तरह की भावनाएं रखते थे। दोनों की मुलाकात एक साझा दोस्त के जरिए हुई थी, जिसके बाद उनकी दोस्ती धीरे-धीरे गहरी होती चली गई।

पार्टियों से शुरू हुआ साथ, यादगार बन गया रिश्ता

सोनिया गांधी ने बताया कि शुरुआती दिनों में दोनों अपने दोस्तों के साथ पार्टियों में जाते और साथ घूमते-फिरते थे। एक बार वे वैलेंटाइन पार्टी में भी शामिल हुए थे, जहां बड़ी संख्या में छात्र मौजूद थे। पुराने पलों को याद करते हुए सोनिया गांधी ने राजीव गांधी की सादगी और सौम्यता का खास तौर पर जिक्र किया। उन्होंने बताया कि राजीव का शांत स्वभाव और आकर्षक व्यक्तित्व उन्हें बहुत पसंद आया था। सोनिया के लिए राजीव गांधी से हुई पहली मुलाकात हमेशा यादगार रहेगी। अब अपनी किताब के जरिए वह इन निजी यादों को पाठकों के साथ साझा करने जा रही हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here