स्कूटी चोर का खेल खत्म! प्रीत विहार पुलिस ने दबोचा, चार चोरी की स्कूटियां बरामद

0
18

नई दिल्ली: दिल्ली की सड़कों पर दोपहिया वाहन चोरी करने वालों के खिलाफ पूर्वी जिला पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। प्रीत विहार थाना पुलिस ने वाहन चोरी के आरोप में 25 वर्षीय राजेंद्र उर्फ राजू को गिरफ्तार कर चार चोरी की स्कूटियां बरामद की हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी पहले भी 15 आपराधिक मामलों में कथित रूप से शामिल रहा है। बरामदगी से जगतपुरी, प्रीत विहार और सीमापुरी थानों में दर्ज वाहन चोरी के चार मामलों का खुलासा हुआ है।

संदिग्ध हरकतों ने खोली पोल

पूर्वी जिला डीसीपी राजीव कुमार रावल ने बताया कि वाहन चोरी और सड़क अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए प्रीत विहार थाना क्षेत्र में गश्त और संदिग्धों की जांच तेज की गई थी। इसी दौरान 13 अक्टूबर 2026 को करकरी मोड़ रेड लाइट के पास पुलिस टीम की नजर स्कूटी पर सवार एक संदिग्ध युवक पर पड़ी। पुलिस को देखकर उसने कथित तौर पर भागने की कोशिश की, लेकिन सतर्क पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़ लिया। स्कूटी की जांच जिपनेट के जरिए की गई तो वह जगतपुरी थाने में दर्ज चोरी के मामले में पंजीकृत पाई गई। इसके बाद पूछताछ और जांच के दौरान आरोपी की निशानदेही पर तीन अन्य चोरी की स्कूटियां भी बरामद की गईं। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर चोरी की अन्य वारदातों में उसकी संभावित भूमिका की जांच कर रही है।

इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका

यह कार्रवाई थाना प्रभारी निरीक्षक सुबोध कुमार के नेतृत्व में हुई। टीम में हेड कांस्टेबल राम सिंह, हेड कांस्टेबल नीरज कुमार, कांस्टेबल प्रदीप, कांस्टेबल सुमित और कांस्टेबल चेतन शामिल रहे। पूरी कार्रवाई सहायक पुलिस आयुक्त अशोक कुमार के मार्गदर्शन में की गई। पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त राजीव कुमार के अनुसार, वाहन चोरी पर अंकुश लगाने के लिए गश्त, निगरानी और स्थानीय खुफिया सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई जारी है। मामले में आगे की जांच जारी है।

Reported By: Pankaj Rai

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here