टाइगर पर हमले के बाद विद्युत जामवाल की नसीहत, बोले- ‘तमाशा देखने वाले नहीं, मददगार हीरो चाहिए’

0
8

मुंबई: टाइगर श्रॉफ पर सरेआम चली गोलियों की गूंज अब पूरी फिल्म इंडस्ट्री में सुनाई दे रही है। इस हमले के बाद कई सितारों ने चिंता जताई है, लेकिन अभिनेता विद्युत जामवाल की प्रतिक्रिया सबसे ज्यादा चर्चा में है। उन्होंने सीधे उन लोगों पर सवाल उठाए हैं, जो हमले के वक्त वहां मौजूद थे और बस देखते रहे। बताया जा रहा है कि जब हमलावरों ने टाइगर की गाड़ी पर गोलियां चलाईं, तब वहां कई लोग मौजूद थे। लेकिन न किसी ने हमलावरों को पकड़ने की कोशिश की और न ही टाइगर को बचाने के लिए आगे आया। सब लोग खड़े होकर यह सब देखते रहे। विद्युत जामवाल ने इसी बात पर सवाल उठाया है।

टाइगर के समर्थन में वीडियो साझा करते हुए विद्युत ने कहा कि टाइगर उन सभी लोगों में सबसे निडर इंसान हैं, जिन्हें वे जानते हैं। फिर उन्होंने टाइगर के फैंस से कहा कि जो लोग उन्हें फुटबॉल खेलते देखते हैं और खुद को उनका सबसे बड़ा फैन बताते हैं, उनमें से किसी को तो भागकर हमलावर को पकड़ना चाहिए था। उन्होंने सवाल किया कि फैंस “आई लव यू” तो कहते हैं, लेकिन मुसीबत में यह सब क्या था।

मुंबई पुलिस को भी दी नसीहत

विद्युत ने मुंबई पुलिस से भी कहा कि टाइगर को सुरक्षा तो दी जाएगी, लेकिन ऐसा दोबारा नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर ऐसी गलती फिर हुई, तो पुलिस भी जिम्मेदार मानी जाएगी। अंत में उन्होंने टाइगर को बजरंग बाण सुनने की सलाह दी। विद्युत बोले कि जब वे बहुत अकेला महसूस करते हैं, तब बजरंग बाण सुनते हैं और जानते हैं कि टाइगर भी सुनते हैं। उन्होंने टाइगर से कहा, “आई लव यू भाई।”

वीडियो के कैप्शन में क्या लिखा

कैप्शन में विद्युत ने लिखा कि देश में बहुत कुछ हो रहा है और हम कभी आवाज उठा पाते हैं, कभी नहीं, लेकिन अपने तरीके से कोशिश जरूर करते हैं। उन्होंने पूछा कि जब हम किसी महिला या पुरुष को सड़क पर प्रताड़ित होते या हमले का शिकार होते देखते हैं, तो बस खड़े होकर तमाशा क्यों देखते हैं। उनके मुताबिक, हममें से कोई एक आगे बढ़कर इंसान के तौर पर मदद क्यों नहीं कर सकता। उन्होंने कहा कि समाज को तमाशा देखने वालों की नहीं, बल्कि ज्यादा से ज्यादा मददगार हीरो की जरूरत है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here