उड़ान भर रहे प्लेन को बम से उड़ाने की धमकी, सोफिया एयरपोर्ट पर आपात लैंडिंग

0
13

नई दिल्ली: इजरायल के तेल अवीव से ऑस्ट्रिया की राजधानी वियना जा रही एक यात्री फ्लाइट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया। खतरे की सूचना मिलते ही बुल्गारिया की वायुसेना अलर्ट हो गई और विमान की सुरक्षा के लिए लड़ाकू जेट भेजे गए। एहतियात के तौर पर फ्लाइट को बुल्गारिया की राजधानी सोफिया में इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। विमान में 51 यात्री और चालक दल के 6 सदस्य सवार थे। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। बुल्गारिया के परिवहन और संचार मंत्रालय के मुताबिक, एयरबस A320 विमान तेल अवीव से वियना जा रहा था। इसी दौरान रोमानिया की सीमा के पास चालक दल को बम की धमकी मिलने की जानकारी मिली। स्थिति को गंभीरता से लेते हुए पायलट ने सोफिया में विमान उतारने का फैसला किया।

इसके बाद बुल्गारिया की वायुसेना ने सुरक्षा प्रक्रिया के तहत एक लड़ाकू विमान भेजा। उसने सोफिया एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग होने तक यात्री विमान को सुरक्षा दी। हालांकि, अधिकारियों ने अभी तक धमकी देने वाले व्यक्ति या इसके पीछे की वजह का खुलासा नहीं किया है।

सोफिया एयरपोर्ट पर उतारे गए यात्री

विमान की सुरक्षित लैंडिंग के बाद सभी यात्रियों को बाहर निकाल लिया गया। फ्लाइटरडार24 के आंकड़ों के अनुसार, विमान ने रात 9 बजकर 8 मिनट UTC पर लैंडिंग की। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विमान को उसके निर्धारित गंतव्य वियना के बजाय सोफिया में उतारा गया।

जांच में जुटीं एजेंसियां

बुल्गारिया के रक्षा मंत्रालय ने भी विमान को सुरक्षा देने के लिए लड़ाकू जेट भेजे जाने की पुष्टि की है। परिवहन मंत्रालय ने मामले की जांच के लिए एक संयुक्त कार्य समूह बनाया है। संबंधित एजेंसियां धमकी से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही हैं।

अभी तक यह जानकारी सामने नहीं आई है कि विमान की जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु मिली या नहीं। विमानन कंपनी का नाम भी सार्वजनिक नहीं किया गया है। जांच पूरी होने के बाद ही पता चलेगा कि धमकी के पीछे कौन था और इसका मकसद क्या था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here