नई दिल्ली: दिवाली की रौनक बाजारों में बढ़ती भीड़ और रामलीलाओं के आयोजनों के बीच यातायात व्यवस्था को लेकर दिल्ली यातायात पुलिस सतर्क हो गई है। त्योहारों के दौरान सड़कों पर वाहनों का दबाव बढ़ने और बाजारों में ग्राहकों की आवाजाही प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए यातायात प्रबंधन की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में आयोजित यातायात पंचायत में स्थानीय निवासियों आरडब्ल्यूए और एमडब्ल्यूए के प्रतिनिधियों के साथ संवाद किया गया। बैठक में सीबीडी ग्राउंड में प्रस्तावित प्रदर्शन का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा।
दिल्ली यातायात पुलिस की अतिरिक्त पुलिस आयुक्त जोन-1 यातायात विजयंता गोयल आर्य और पूर्वी रेंज की पुलिस उपायुक्त श्वेता चौहान के समक्ष व्यापारियों ने अपनी समस्याएं रखीं। व्यापारियों ने मांग की कि दिवाली तक सीबीडी ग्राउंड में किसी भी प्रकार के प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी जाए ताकि त्योहारों के इस महत्वपूर्ण समय में बाजारों की गतिविधियां बाधित न हों।
व्यापारियों का कहना है कि सीबीडी ग्राउंड में प्रदर्शन होने से आसपास की सड़कों पर यातायात का दबाव बढ़ सकता है। इससे जाम की स्थिति पैदा होने ग्राहकों को बाजारों तक पहुंचने में परेशानी होने और कारोबार प्रभावित होने की आशंका है। दिवाली व्यापारियों के लिए साल का सबसे महत्वपूर्ण कारोबारी अवसर माना जाता है। ऐसे में यातायात बाधित होने का सीधा असर दुकानदारों की बिक्री पर पड़ सकता है।
व्यापारियों की चिंता, प्रशासन के सामने चुनौती
पूर्वी दिल्ली में विभिन्न स्थानों पर आयोजित रामलीलाओं और आगामी त्योहारों को देखते हुए यातायात पुलिस के सामने सड़कों पर सुचारु आवागमन बनाए रखने की चुनौती है। पुलिस का प्रयास है कि धार्मिक आयोजनों बाजारों की भीड़ और आम नागरिकों की आवाजाही के बीच संतुलन कायम रहे। यातायात पंचायत में उठी मांग ने त्योहारों के दौरान सार्वजनिक आयोजनों यातायात व्यवस्था और व्यापारिक हितों के बीच बेहतर तालमेल की आवश्यकता को रेखांकित किया है। अब व्यापारियों की मांग पर प्रशासन क्या निर्णय लेता है इस पर सभी की निगाहें टिकी हैं।
Reported By: Pankaj Rai












