अलीगढ़ में अनोखी चोरी: वृंदावन में बांके बिहारी के दर्शन के लिए चुराई एक्सयूवी, लौटकर सड़क किनारे कर दी खड़ी

0
12

अलीगढ़: चोरी की कार, लेकिन मकसद बेचना नहीं, बल्कि भगवान के दर्शन करना। अलीगढ़ की क्वार्सी पुलिस ने कार चोरी के ऐसे मामले का खुलासा किया है, जिसे सुनकर खुद पुलिस वाले भी हैरान रह गए। चार नाबालिग दोस्त चोरी की एक्सयूवी लेकर वृंदावन में बांकेबिहारी के दर्शन करने पहुंचे और फिर कार को सड़क किनारे छोड़कर लौट आए।

मामला क्वार्सी थाना क्षेत्र का है। 14 अक्टूबर को एक व्यक्ति की महिंद्रा एक्सयूवी (यूपी 81 सीपी 6248) रामघाट रोड से चोरी हो गई। पीड़ित ने थाने में मुकदमा दर्ज कराया, जिसके बाद पुलिस ने तलाश शुरू कर दी। अगले ही दिन कार महुआखेड़ा के ग्रीन पार्क अपार्टमेंट के पास लावारिस हालत में खड़ी मिल गई। आसपास के सीसीटीवी खंगाले गए तो कार के पास चार किशोर घूमते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें ढूंढकर हिरासत में ले लिया।

घर में पेंटिंग करते वक्त उड़ाई थी चाबी

पूछताछ में कहानी और भी फिल्मी निकली। इंस्पेक्टर क्वार्सी अरुण कुमार के मुताबिक, चारों में से एक नाबालिग पेंटर है। वह करीब 15 दिन पहले कार मालिक के घर पेंटिंग का काम कर चुका था। उसी दौरान उसने चालाकी से कार की चाबी चुरा ली थी। इसके बाद उसने अपने तीन दोस्तों के साथ योजना बनाई और मौका मिलते ही कार लेकर निकल गए। पहले उन्होंने अलीगढ़ की सड़कों पर कार दौड़ाई, फिर सीधे मथुरा-वृंदावन चले गए। वहां दर्शन करने के बाद वापस अलीगढ़ लौटे और कार को ग्रीन पार्क के पास खड़ा कर दिया, ताकि किसी को शक न हो।

सीसीटीवी से खुला राज

इंस्पेक्टर ने बताया कि कार मालिक दलवीर सिंह के पड़ोसी के घर लगे सीसीटीवी में दो लड़के मुंह पर कपड़ा बांधे आते और कार ले जाते दिखे। चोरी के बाद चारों लड़के 13 अक्टूबर को दिनभर शहर में घूमते रहे और कार अलग-अलग जगहों पर नजर आई। शाम को चारों कार लेकर वृंदावन रवाना हो गए। वहां उन्होंने बांकेबिहारी के दर्शन किए और आसपास के इलाकों में घूमे। देर रात लौटकर उन्होंने महुआखेड़ा की एक कॉलोनी में सड़क किनारे खड़ी दूसरी गाड़ियों के बीच कार लगा दी और चले गए। पुलिस ने चारों बाल अपचारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की है और चोरी की गई कार बरामद कर ली है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here