औरैया में 75 साल के दूल्हे और 30 साल की दुल्हन की शादी की चर्चा, वायरल हुआ हल्दी और सगाई का वीडियो

0
11

औरैया: उम्र का फासला 45 साल, फिर भी प्यार ने सारी दीवारें गिरा दीं। उत्तर प्रदेश के औरैया में एक 75 साल के बुजुर्ग और उनकी बेटी की सहेली, 30 साल की युवती, की शादी की तैयारियां इन दिनों पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई हैं। सगाई के बाद अब हल्दी की रस्म का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

सहार विकासखंड के अरियारी गांव के रहने वाले 75 वर्षीय रामसुगर और औरैया शहर की 30 वर्षीया रानी राजपूत ने कुछ दिन पहले एक स्थानीय ब्यूटी पार्लर में धूमधाम से सगाई की थी। परिवार और करीबी लोगों की मौजूदगी में दोनों ने एक-दूसरे को अंगूठी पहनाई और जीवनभर साथ निभाने का वादा किया। इसके बाद अब शादी की बाकी रस्में पारंपरिक तरीके से निभाई जा रही हैं। ढोल-नगाड़ों की थाप के बीच बुजुर्ग दूल्हे को हल्दी लगाई गई। रामसुगर के मुताबिक, नवरात्र के ठीक बाद शुभ मुहूर्त में दोनों शादी के बंधन में बंध जाएंगे। घर में तैयारियां जोरों पर हैं।

रील बनाते-बनाते हुआ प्यार

इस प्रेम कहानी की शुरुआत सोशल मीडिया से हुई। रामसुगर की बेटी राधा इंस्टाग्राम और दूसरे प्लेटफॉर्म पर वीडियो बनाकर पोस्ट करती हैं। रानी उनकी सहेली थीं और रील बनाने के लिए अक्सर उनके घर आया करती थीं। इसी दौरान रामसुगर और रानी के बीच बातचीत शुरू हुई। धीरे-धीरे यह जान-पहचान नजदीकी में बदल गई। करीब एक साल पहले दोनों के बीच प्यार परवान चढ़ा और उन्होंने शादी करने का फैसला कर लिया। अब रील बनाने वाली रानी की असल जिंदगी खुद सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही है।

अकेलेपन ने बनाया हमसफर

जानकारी के अनुसार रामसुगर की पहली पत्नी का निधन सात साल पहले हो गया था। उनके एक बेटे और तीन बेटियों की शादी हो चुकी है और सभी अपने-अपने परिवारों में व्यस्त हैं। पत्नी के जाने के बाद वे घर में अकेलापन महसूस करने लगे थे। दूसरी ओर, रानी पहले से शादीशुदा थीं और दो बच्चों की मां हैं। उन्होंने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर बताया कि उनके पहले पति उन्हें छोड़कर चले गए थे। जिंदगी के इस मुश्किल दौर में उन्हें रामसुगर के रूप में एक सच्चे साथी का सहारा दिखाई दिया।

उम्र के इतने बड़े अंतर के बावजूद दोनों अपने फैसले पर कायम हैं। यही अनोखा रिश्ता अब औरैया ही नहीं, पूरे प्रदेश में लोगों के बीच बातचीत का मुद्दा बन गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here