दिल्ली में विरोध की चिंगारी बरकरार, सड़कों पर सियासी संग्राम

0
8

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों को लेकर विरोध की आग मंगलवार को भी ठंडी नहीं पड़ी। सड़कों पर नारेबाजी पुलिस की सख्ती और नेताओं की हिरासत के बीच राजधानी का सियासी पारा चढ़ा रहा। प्रदर्शनकारियों के तेवर बरकरार हैं वहीं दिल्ली पुलिस कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्क नजर आई। कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित होने की आशंका के चलते वाहन चालकों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई।

जंतर-मंतर पर रोक, फिर भी विरोध की कोशिश

प्रदर्शन स्थलों की सूची से जंतर-मंतर हटाए जाने के बाद भी विरोध की कोशिशें जारी रहीं। कॉकरोच जनता पार्टी के नेता सौरव दास और आशुतोष रांका जंतर-मंतर पहुंचने का प्रयास कर रहे थे तभी पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। पार्टी संस्थापक अभिजीत दिपके ने विरोध की आवाज को प्रशासनिक अधिसूचना से नहीं दबाए जाने की बात कही। संगठन ने पुलिस को 24 घंटे का अल्टीमेटम देने का भी दावा किया।

कनॉट प्लेस में छात्र संगठन का प्रदर्शन

कांग्रेस के छात्र संगठन भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन ने कनॉट प्लेस स्थित राजीव चौक मेट्रो स्टेशन के सातवें द्वार के बाहर अचानक प्रदर्शन कर मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग उठाई। इस दौरान कुछ कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया। संगठन की ओर से संकेत दिया गया कि जंतर-मंतर पर अनुमति नहीं मिलने की स्थिति में कनॉट प्लेस में विरोध जारी रखा जाएगा।

राहुल गांधी के आवास पर विपक्षी रणनीति

इस बीच लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने अपने आवास पर विपक्षी गठबंधन के सांसदों, नागरिक समाज के प्रतिनिधियों और छात्र संगठनों को चाय पर चर्चा के लिए आमंत्रित किया। सोनिया गांधी।शशि थरूर, सचिन पायलट और योगेंद्र यादव सहित कई नेताओं की मौजूदगी में आगे की रणनीति पर विचार-विमर्श हुआ। सोमवार को विपक्षी नेताओं ने लोकतंत्र और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों को लेकर सर्वोच्च न्यायालय तक मार्च किया था।

राजधानी दिल्ली के लुटियंस दिल्ली में मंगलवार को भी मुताबिक पंचकुइयां गोलचक्कर, मंडी हाउस, कनॉट प्लेस, अशोक रोड और रेल भवन सहित कई प्रमुख स्थानों पर यातायात प्रभावित रहा। जिसके कारण आम जनता काफी परेशान नजर आई जगह-जगह प्रदर्शन के कारण सुरक्षा की वजह से रास्ता बंद होने की वजह से लोगों को भारी जाम का सामना करना पड़ा। गौरतलब हो कि विपक्ष मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं का आरोप लगा रहा है जबकि चुनाव आयोग की प्रक्रिया को लेकर संबंधित पक्षों के बीच विवाद जारी है। राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी है। अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि विरोध की यह लहर आगे क्या राजनीतिक मोड़ लेती है।

Reported by: Pankaj Rai

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here