मथुरा: पुलिस लाइन परिसर स्थित गैराज में सोमवार रात कार धोने के दौरान करंट लगने से मुख्य आरक्षी के 35 वर्षीय बेटे राहुल की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब राहुल कार धोने के लिए मोटर चला रहे थे। करंट की चपेट में आने से वह जमीन पर गिर पड़े। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मी उन्हें आनन-फानन में जिला अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना से परिवार में कोहराम मच गया।
कार धोने के दौरान करंट की चपेट में आया राहुल
मूलरूप से एटा के रहने वाले सतीश गाजियाबाद में मुख्य आरक्षी के पद पर तैनात हैं। उनका परिवार मथुरा पुलिस लाइन परिसर में रहता है। सोमवार रात उनका बेटा राहुल पुलिस लाइन स्थित गैराज में कार धोने पहुंचा था। बताया गया है कि मोटर चालू करते समय वह अचानक करंट की चपेट में आ गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिसकर्मियों ने राहुल को संभाला और परिजनों को सूचना दी।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
गंभीर हालत में राहुल को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए। परिवार में चीख-पुकार मच गई। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई
सीओ सिटी आशना चौधरी ने बताया कि पुलिस लाइन की गैराज में करंट की चपेट में आने से राहुल की मौत हुई है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Reported by: Prem Kaushik











