हर बार गैस नहीं होती एसिडिटी की वजह, पेट में छिपा हो सकता है ये खतरनाक बैक्टीरिया

0
10

नई दिल्ली: क्या आपके भी सीने में जलन, खट्टी डकार, पेट फूलना या खाना खाने के बाद भारीपन जैसी समस्याएं होती हैं? लोग अक्सर इन्हें सामान्य गैस या एसिडिटी समझकर नजरअंदाज कर देते हैं। ज्यादा तकलीफ होने पर कभी एंटासिड की गोली ली और आराम मिल गया, तो हम इसे फिर नजरअंदाज कर देते हैं। लेकिन अगर यही समस्या बार-बार होने लगे और लंबे समय तक बनी रहे, तो इसके पीछे कई और वजहें भी हो सकती हैं।

डॉक्टर शिवम कालिया के मुताबिक, बार-बार होने वाली एसिडिटी हमेशा मसालेदार खाना या तनाव की वजह से नहीं होती। इसके पीछे पेट में मौजूद एक बैक्टीरिया भी हो सकता है, जिसका नाम हेलिकोबैक्टर पाइलोरी (H. pylori) है।

पेट से जुड़ी ऐसी समस्याओं के पीछे हेलिकोबैक्टर पाइलोरी (H. pylori) नाम का बैक्टीरिया जिम्मेदार हो सकता है। यह बैक्टीरिया पेट की अंदरूनी परत में संक्रमण पैदा कर सकता है और लंबे समय तक रहने पर गैस्ट्राइटिस और पेट के अल्सर जैसी समस्याओं का कारण बन सकता है।

पेट में क्या करता है H. pylori बैक्टीरिया?

हेलिकोबैक्टर पाइलोरी पेट की अंदरूनी परत में रहकर वहां सूजन और जलन पैदा कर सकता है। कई लोगों में इसका संक्रमण होने के बावजूद शुरुआत में कोई खास लक्षण दिखाई नहीं देते। वहीं, कुछ लोगों को पेट में दर्द, जलन, बार-बार डकार आना, पेट फूलना या खाना खाने के बाद असहजता महसूस हो सकती है।

इस संक्रमण को लंबे समय तक नजरअंदाज करना ठीक नहीं है। कुछ मामलों में H. pylori संक्रमण पेट में अल्सर का कारण बन सकता है। लंबे समय तक रहने वाला यह संक्रमण पेट के कैंसर के बढ़े हुए जोखिम से भी जुड़ा है। इसी वजह से इसे समय रहते पहचानना और डॉक्टर की सलाह के अनुसार इलाज कराना जरूरी माना जाता है।

अगर ये लक्षण हैं तो हल्के में न लें

हर बार गैस या एसिडिटी होने का मतलब H. pylori संक्रमण नहीं होता। लेकिन अगर परेशानी लगातार बनी हुई है और आराम नहीं मिल रहा है, तो डॉक्टर से सलाह लेना बेहतर है। इन संकेतों पर खास ध्यान दें:

लंबे समय से बार-बार एसिडिटी या सीने में जलन होना, खाना खाने के बाद लगातार पेट भारी या फूला हुआ महसूस होना, बार-बार पेट में दर्द या जलन होना, भूख में अचानक कमी आना, लगातार उल्टी होना, तेजी से वजन कम होना, उल्टी में खून दिखाई देना, मल का काला पड़ना

अगर इनमें से कोई गंभीर लक्षण दिखाई दे, तो इसे केवल गैस मानकर घर पर इलाज करने की गलती न करें। ऐसी स्थिति में जल्द से जल्द डॉक्टर से संपर्क करें।

क्या H. pylori का मतलब कैंसर है?

H. pylori संक्रमण होने का मतलब यह नहीं है कि व्यक्ति को पेट का कैंसर है या भविष्य में कैंसर होना तय है। हालांकि, लंबे समय तक रहने वाला H. pylori संक्रमण पेट के कैंसर के जोखिम को बढ़ाने वाले कारकों में शामिल है। इसलिए लगातार पेट से जुड़ी परेशानी को नजरअंदाज करने के बजाय सही समय पर जांच कराना और डॉक्टर की सलाह लेना ज्यादा समझदारी है।

बार-बार एसिडिटी हो तो क्या करें?

कभी-कभार एसिडिटी होना आम बात हो सकती है, लेकिन अगर यह समस्या बार-बार लौट रही है या कई हफ्तों से बनी हुई है, तो केवल एंटासिड लेकर उसे दबाते रहना सही नहीं है। अपनी परेशानी के बारे में डॉक्टर को बताएं और उनकी सलाह लें। जरूरत पड़ने पर डॉक्टर H. pylori की जांच समेत अन्य जरूरी टेस्ट की सलाह दे सकते हैं।

डिस्क्लेमर: यह लेख सामान्य स्वास्थ्य जानकारी के उद्देश्य से है। लगातार एसिडिटी, पेट दर्द, वजन कम होने, उल्टी में खून आने या काले मल जैसी समस्या होने पर डॉक्टर से संपर्क करें। किसी भी दवा का इस्तेमाल बिना डॉक्टर की सलाह के न करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here