वृंदावन: गेट बंद सोसाइटी, ऊंची बाउंड्री और सुरक्षा गार्डों की मौजूदगी के बावजूद चोरों ने कान्हा माखन सोसाइटी में सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती दे दी। सोमवार आधी रात चोरों ने धाम-6 अपार्टमेंट स्थित सेना के जवान के फ्लैट नंबर 504 के ताले तोड़कर करीब दो लाख रुपये नकद और लाखों रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। वारदात का पता मंगलवार सुबह पड़ोसियों को फ्लैट का ताला टूटा मिलने पर चला।
सेना के जवान का फ्लैट निशाना, परिवार गांव में
फ्लैट स्वामी बांके बिहारी गौड़ भारतीय सेना में तैनात हैं और इन दिनों दिल्ली में ड्यूटी पर हैं। उनकी पत्नी भी पिछले आठ दिनों से बीमार सास की देखभाल के लिए गांव गई हुई थीं। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने बंद फ्लैट को निशाना बनाया। सोमवार देर रात फ्लैट का ताला तोड़कर अंदर घुसे चोरों ने कमरों में रखी अलमारियों को खंगाला और नकदी व आभूषण लेकर फरार हो गए।
पड़ोसियों ने दी सूचना, पुलिस ने शुरू की जांच
मंगलवार सुबह पड़ोसियों ने फ्लैट का ताला टूटा देखा तो उन्होंने इसकी जानकारी परिजनों को दी। चोरी की सूचना पुलिस को दी गई। जानकारी मिलते ही अद्धा पुलिस चौकी प्रभारी रोहित तेवतिया टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही सोसाइटी में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।
निवासियों में चिंता, सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
गेट बंद सोसाइटी में चोरी की वारदात से वहां रहने वाले लोगों में चिंता है। निवासियों का कहना है कि सुरक्षा गार्ड और ऊंची बाउंड्री के बावजूद चोरों का फ्लैट तक पहुंचना सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े करता है। लोगों ने रात के समय सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी बढ़ाने की मांग की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर चोरों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया गया है।
Reported by: Prem Kaushik












