नई दिल्ली: किसी भी बड़े एग्जाम या इंटरव्यू से पहले माता-पिता अपने बच्चे की सफलता के लिए हर छोटी बात का ध्यान रखते हैं। प्रयागराज में UPPSC इंटरव्यू देने पहुंचे एक युवक के साथ उसके पिता का ऐसा ही एक भावुक पल कैमरे में कैद हो गया, जिसे देखकर सोशल मीडिया यूजर्स भी भावुक हो गए। पिता ने इंटरव्यू से पहले बेटे का कोट ठीक किया, उसके बाल संवारे और फिर अपने हाथों से उसे खाना खिलाया।
यह छोटा सा वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर किया जा रहा है। वीडियो को प्रयागराज में उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) के गेट के बाहर का बताया जा रहा है। यहां इन दिनों इंटरव्यू के लिए अभ्यर्थी पहुंच रहे हैं।
इंटरव्यू से पहले पिता ने बेटे को संवारा
वीडियो में देखा जा सकता है कि युवक इंटरव्यू के लिए तैयार होकर अपने पिता के साथ खड़ा है। अंदर जाने से पहले पिता उसकी तैयारी पर एक नजर डालते हैं। वह पहले बेटे का कोट ठीक करते हैं और फिर जेब से कंघी निकालकर उसके बाल संवारने लगते हैं।
इसके बाद पिता अपनी जेब से खाने का छोटा सा पैकेट निकालते हैं और बेटे को अपने हाथों से खाना खिलाते हैं। कुछ सेकेंड के इस पल में पिता की चिंता और बेटे के प्रति उनका स्नेह साफ नजर आता है।
अंदर जाने से पहले बेटे ने छुए पैर
पिता से इस तरह प्यार पाने के बाद बेटा भी उनका सम्मान करना नहीं भूलता। इंटरव्यू के लिए अंदर जाने से पहले वह अपने पिता के पैर छूता है और उनका आशीर्वाद लेता है। इसके बाद वह आत्मविश्वास के साथ इंटरव्यू देने के लिए अंदर चला जाता है। इस दौरान किसी व्यक्ति ने इस पूरे पल को कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया। वीडियो सामने आने के बाद यह सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच रहा है।
This father son moment made me emotional. This man has come for the UPPCS interview with his elderly father. And look how lovingly his father is combing his hair . If someone has such support from his father in his life then no one can stop him from becoming successful. https://t.co/aypV0CQ2C0
— Chaa (@Prahlad_2102) October 5, 2026
लोगों को याद आए अपने माता-पिता
वीडियो देखने वाले कई लोगों ने पिता-पुत्र के इस रिश्ते की तारीफ की। कुछ यूजर्स ने कहा कि माता-पिता का साथ और आशीर्वाद किसी भी मुश्किल परीक्षा से पहले हिम्मत देता है। वहीं, कई लोगों ने इस वीडियो को देखकर अपने माता-पिता के साथ बिताए ऐसे ही पलों को याद किया।लोगों का कहना है कि पिता ने बेटे को सिर्फ इंटरव्यू के लिए तैयार नहीं किया, बल्कि अपने प्यार और आशीर्वाद के साथ उसका हौसला भी बढ़ाया। यही वजह है कि कुछ सेकेंड का यह वीडियो लोगों के दिल को छू रहा है।












