जालंधर हाईवे पर हुआ भयानक सड़क हादसा, दो वाहन आपस में टकराए, एक घंटे तक केबिन में फंसा रहा कंटेरन चालक

0
9

जालंधर-पठानकोट हाईवे पर पंजाबी बाग के पास सोमवार सुबह टैंकर और कंटेनर की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। टक्कर के बाद कंटेनर चालक केबिन में फंस गया और करीब एक घंटे तक बाहर नहीं निकल सका। बताया जा रहा है कि टैंकर श्रीनगर से पानीपत जा रहा था, जबकि कंटेनर जालंधर से जम्मू की ओर जा रहा था। पंजाबी बाग के पास पहुंचने पर कथित तौर पर टैंकर चालक को नींद की झपकी आ गई। इस कारण टैंकर डिवाइडर पार करके दूसरी तरफ चला गया और सामने से आ रहे कंटेनर से टकरा गया। हादसे में टैंकर चालक विचित्र सिंह, निवासी गांव बारवा, कुरुक्षेत्र (हरियाणा), और कंटेनर चालक राकेश कुमार, निवासी गांव चिलानी, जम्मू, घायल हो गए। कंटेनर चालक राकेश कुमार को लोगों ने ट्रैक्टर की मदद से केबिन खींचकर बाहर निकाला। इसके बाद 108 एंबुलेंस के जरिए उसे एक निजी अस्पताल पहुंचाया गया।

दोनों वाहनों को हटाकर यातायात किया बहाल 

सूचना मिलने पर सड़क सुरक्षा फोर्स के एएसआई रणधीर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। क्रेन की मदद से दोनों वाहनों को सड़क से हटाकर आवाजाही बहाल करवाई गई। हादसे के बाद कंटेनर का चालक केबिन में बुरी तरह फंसा हुआ था। मौके पर मौजूद ट्रैक्टर चालक ने संगली की मदद से ट्रैक्टर को कंटेनर से जोड़कर केबिन को खींचा। करीब एक घंटे की मेहनत के बाद चालक को बाहर निकाला जा सका।

वाहनों के उड़े परखच्चे

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया और घायल चालकों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल दोनों घायलों का इलाज चल रहा है और उनकी हालत में सुधार बताया जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here