बाली में हादसे का शिकार हुईं नुसरत भरूचा, रीढ़ की हड्डी में हुआ फ्रैक्चर, अब एयर एम्बुलेंस से लाई जाएंगी मुंबई

0
7

नई दिल्ली: बाली की खूबसूरत वादियों में छुट्टियां मनाने गईं एक्ट्रेस नुसरत भरूचा के लिए यह सफर अचानक दर्दनाक मोड़ ले गया। एक दुर्भाग्यपूर्ण हादसे का शिकार होने के बाद उनकी रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर हो गया है, जिसके चलते अब उन्हें सर्जरी करानी पड़ेगी। फिलहाल वे बाली के एक अस्पताल में भर्ती हैं और डॉक्टरों की करीबी निगरानी में हैं।

एक्ट्रेस की टीम की तरफ से जारी बयान के मुताबिक नुसरत काम और छुट्टी, दोनों के सिलसिले में बाली गई हुई थीं, तभी यह हादसा हो गया। चोट की गंभीरता को देखते हुए डॉक्टरों ने आगे की जांच के बाद उनकी रीढ़ की हड्डी की सर्जरी का फैसला किया है। टीम ने साफ किया कि फिलहाल उनकी सबसे पहली प्राथमिकता नुसरत का स्वास्थ्य और उन्हें जरूरी चिकित्सा सुविधा दिलाना है।

मुंबई लाने के लिए एयर एम्बुलेंस की व्यवस्था

इस गंभीर चोट के बाद नुसरत की टीम ने उन्हें बाली से मुंबई वापस लाने के लिए एयर एम्बुलेंस की व्यवस्था करनी शुरू कर दी है। मुंबई पहुंचने के बाद ही उनकी सर्जरी की जाएगी, ताकि उन्हें बेहतर इलाज और करीबी देखभाल मिल सके।

आने वाले हफ्तों में प्रभावित होंगी काम की योजनाएं

टीम के बयान में यह भी स्पष्ट किया गया है कि चोट की गंभीरता और होने वाली सर्जरी को देखते हुए नुसरत को आराम करने और पूरी तरह स्वस्थ होने के लिए पर्याप्त समय चाहिए होगा। इसी वजह से आने वाले कुछ हफ्तों में उनके काम से जुड़ी कई प्रतिबद्धताओं पर असर पड़ने की पूरी संभावना है।

इस मुश्किल दौर में नुसरत की टीम ने सभी फैंस और मीडिया से अनुरोध किया है कि इस समय उनकी निजता का सम्मान किया जाए, ताकि वे बिना किसी दबाव के अपने इलाज और स्वास्थ्य लाभ पर पूरी तरह ध्यान केंद्रित कर सकें। टीम ने सभी की चिंता और शुभकामनाओं के लिए आभार जताते हुए कहा कि उचित समय पर आगे की जानकारी जरूर साझा की जाएगी।

छुट्टियों की तस्वीरें हुई थीं वायरल

गौरतलब है कि 21 सितंबर को ‘छोरी’ फेम एक्ट्रेस ने अपनी छुट्टियों की कुछ खूबसूरत तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा की थीं। हालांकि उन्होंने उस वक्त अपनी सही लोकेशन का खुलासा नहीं किया था, लेकिन अब यह अंदाजा लगाया जा रहा है कि वे तस्वीरें बाली की ही थीं। करियर की बात करें तो नुसरत आखिरी बार साल 2025 में ‘छोरी 2’ और ‘उफ्फ ये सियापा’ में नजर आई थीं, और फिलहाल उनकी किसी भी आगामी फिल्म की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here