नई दिल्ली: इजरायल जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट में भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार पर हुए हमले के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर कॉकपिट के अंदर हमले के लिए हथियार कैसे पहुंचा। इस हमले के बाद विमान खतरनाक तरीके से नीचे गिरने लगा था और उसे सऊदी अरब में इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। शुरुआत में कहा जा रहा था कि ओमान के को-पायलट ने चाकू से भारतीय पायलट पर हमला किया, लेकिन अब जांच में नई बात सामने आई है। पता चला है कि को-पायलट बाहर से कोई चाकू या हथियार लेकर कॉकपिट में नहीं गया था।
सीबीएस न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, हमलावर ने कॉकपिट में ही रखी ‘क्रैश एक्स’ या ‘फायर एक्स’ का इस्तेमाल किया होगा। इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भी इस बात की पुष्टि की है कि हमले में क्रैश एक्स, जो विमान में इमरजेंसी के लिए रखी जाने वाली कुल्हाड़ी है, का ही उपयोग हुआ था।
फ्लाइट में मची अफरातफरी, सुनाई दी यात्रियों की चीखें
Flightradar24 के डेटा से पता चलता है कि दुबई से उड़ान भरने के करीब ढाई घंटे बाद विमान में अफरातफरी मची। फ्लाइट सिर्फ एक मिनट में 33,000 फीट से सीधे 17,000 फीट नीचे आ गई। इसके बाद विमान ने जॉर्डन बॉर्डर के पास चक्कर लगाया और लगभग एक घंटे बाद सऊदी अरब के तबुक शहर में लैंड किया।
एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि जिस वक्त यह सब हो रहा था, एयर ट्रैफिक कंट्रोल से बातचीत के दौरान बैकग्राउंड में यात्रियों की चीखें सुनाई दे रही थीं। पायलट की आवाज कांप रही थी और उसने मेडे कॉल देकर कहा था कि प्लेन हाईजैक हो रहा है। सऊदी अरब और जॉर्डन ने विमान को वापस भेज दिया था, जिसके बाद वह तबुक में उतरा।
कॉकपिट में क्यों रखी जाती है कुल्हाड़ी?
इंटरनेशनल एविएशन नियमों के तहत हर कमर्शियल विमान में क्रैश एक्स रखना जरूरी होता है। यह फैक्टरी से ही लगाकर दी जाती है। कई दशकों से इसे इमरजेंसी उपकरण के तौर पर विमानों में रखा जा रहा है ताकि हादसे के बाद इसका इस्तेमाल किया जा सके। पहले यह कुल्हाड़ी मुख्य केबिन में होती थी, लेकिन 2001 में अमेरिका में हुए 9/11 हमलों के बाद इसे कॉकपिट में शिफ्ट कर दिया गया, ताकि पायलटों की पहुंच में रहे।
फिलहाल ओमान के को-पायलट की पहचान और हमले के पीछे की वजह सामने नहीं आई है। नेतन्याहू ने कहा है कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। सऊदी और यूएई के अधिकारियों ने जांच जारी होने की बात कही है, लेकिन ज्यादा जानकारी नहीं दी है। वहीं, फ्लाईदुबई ने जांच पूरी होने तक इजरायल की सभी फ्लाइट्स रोक दी हैं।











