नई दिल्ली: अचानक आपकी फेसबुक प्रोफाइल पर कोई अनजान पोस्ट दिखने लगे, या आपके दोस्तों को अजीब मैसेज मिलने लगें, तो समझ जाइए कि कुछ गड़बड़ है। फेसबुक अकाउंट हैक होना आज के डिजिटल दौर की सबसे परेशान करने वाली घटनाओं में से एक है, क्योंकि इसका मतलब है कि आपकी निजी फोटोज, कॉन्टैक्ट्स और तमाम जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के हाथ लग चुकी है। लेकिन घबराने की जरूरत नहीं, क्योंकि सही समय पर सही कदम उठाकर आप अपना अकाउंट वापस पा सकते हैं।
अगर आपकी प्रोफाइल पिक्चर, पासवर्ड या कॉन्टैक्ट डिटेल्स अपने आप बदल जाएं, तो यह पहला संकेत है कि कुछ गलत हुआ है। इसके अलावा बिना आपकी जानकारी के पोस्ट या कमेंट होना, टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन का अचानक काम करना बंद कर देना, और अनजान लोकेशन से लॉगिन के अलर्ट आना भी हैकिंग के आम लक्षण माने जाते हैं। कई बार यूजर्स को खुद अपने अकाउंट में लॉगिन करने में दिक्कत आने लगती है, या फिर बिना अनुमति के ईमेल-मोबाइल नंबर जुड़ जाता या हट जाता है।
सबसे पहला और आसान तरीका
अगर आपको शक है कि अकाउंट हैक हो गया है, तो सबसे पहले facebook.com/hacked पेज पर जाएं। इसके लिए आप फोन, कंप्यूटर या किसी भी ऐसे डिवाइस का इस्तेमाल कर सकते हैं, जिससे पहले कभी लॉगिन किया हो। कोई पुराना ईमेल या मोबाइल नंबर डालकर देखें, जो शायद आपके अकाउंट से जुड़ा हो। जरूरत पड़ने पर अपने ईमेल प्रोवाइडर से भी संपर्क करें। अकाउंट मिलते ही सेटिंग्स में जाकर तुरंत पासवर्ड बदल लें।
अगर एक्सेस न मिले तो अपनाएं यह रास्ता
कई बार सीधा तरीका काम नहीं करता। ऐसे में facebook.com/login/identify पेज खोलें और वह ईमेल, मोबाइल नंबर या यूजरनेम डालें, जो आपके अकाउंट से जुड़ा हो सकता है। अकाउंट मिल जाने पर ‘No longer have access to these?’ विकल्प चुनें और स्क्रीन पर आने वाले निर्देशों को ध्यान से फॉलो करें। इस दौरान नई कॉन्टैक्ट जानकारी मांगी जा सकती है, जो पहले कभी इस्तेमाल न हुई हो। सारे सिक्योरिटी चेक पूरे होने के बाद नया पासवर्ड सेट कर लें, जो याद रखने में आसान हो लेकिन किसी और के लिए अंदाजा लगाना मुश्किल हो।
आखिरी विकल्प है ग्रीवेंस ऑफिसर
अगर ऊपर बताए गए सभी तरीके नाकाम हो जाएं, तो फेसबुक के ग्रीवेंस ऑफिसर से संपर्क किया जा सकता है। इसके लिए fbgoindia@support.facebook.com पर ईमेल भेजा जा सकता है, या फिर गुरुग्राम स्थित मेटा के दफ्तर के पते पर डाक के जरिए भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।












