चंडीगढ़ में घर के अंदर हेड कांस्टेबल की गोली मारकर हत्या, मौके से मिला देसी कट्टा

0
8
Chandigarh Head Constable Nitin Shot Dead
X @dhivaka_gorky

चंडीगढ़: पंजाब की राजधानी चंडीगढ़ से एक चौंकाने वाली और दुखद खबर सामने आई है, जहां पुलिस के एक हेड कांस्टेबल की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह पूरी घटना चंडीगढ़ के सेक्टर 22 इलाके की बताई जा रही है। मृतक हेड कांस्टेबल की पहचान नितिन के रूप में हुई है और हैरानी की बात यह है कि उनकी हत्या किसी बाहरी जगह पर नहीं, बल्कि उन्हीं के अपने घर में की गई।

घर में ही हुई वारदात, सिर में लगी गोली

जानकारी के मुताबिक नितिन के सिर में गोली मारी गई, जिसके चलते मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से एक देसी कट्टा भी बरामद किया है, जिसे इस वारदात में इस्तेमाल किया गया माना जा रहा है। फिलहाल पूरा मामला पुलिस जांच के दायरे में है।

एसएसपी ने क्या कहा?

चंडीगढ़ की एसएसपी कंवरदीप कौर ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि उन्हें सुबह इस बारे में सूचना मिली थी, जिसके तुरंत बाद टीम मौके पर भेजी गई। उन्होंने बताया कि हेड कांस्टेबल नितिन के सिर में गोली लगने से उनकी जान चली गई। एसएसपी के अनुसार, मामले की जांच अभी जारी है और फोरेंसिक टीम भी घटनास्थल पर पहुंचकर सबूत जुटाने में लगी हुई है।

बेटे पर जताया जा रहा शक, पुलिस बरत रही सावधानी

पुलिस सूत्रों के हवाले से यह भी सामने आया है कि जिस वक्त यह वारदात हुई, उस दौरान घर में हेड कांस्टेबल की पत्नी और उनका बेटा भी मौजूद थे। इसी वजह से शुरुआती जांच में उनके बेटे पर शक जताया जा रहा है। हालांकि जब एसएसपी से इस बारे में सीधा सवाल पूछा गया, तो उन्होंने कोई पुख्ता जवाब देने से इनकार करते हुए कहा कि अभी जांच चल रही है और इस स्तर पर कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी।

SHO ने भी की पुष्टि, जांच अभी बाकी

इलाके के SHO सुदेश कुमार ने भी मीडिया से बातचीत में यही बात दोहराई। उनके मुताबिक अभी किसी भी नतीजे पर पहुंचना ठीक नहीं होगा, क्योंकि जांच शुरुआती चरण में है। हालांकि उन्होंने इतना जरूर माना कि फिलहाल शुरुआती शक की सुई हेड कांस्टेबल के बेटे की तरफ ही घूम रही है। पुलिस अब सभी पहलुओं की बारीकी से पड़ताल कर रही है, ताकि हत्या के पीछे की असली वजह सामने आ सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here