नई दिल्ली: पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच सीमा पर तनाव एक बार फिर हिंसक झड़प में बदल गया है। बलूचिस्तान के गुलिस्तान सेक्टर में अफगान तालिबान के कई लड़ाकों ने पाकिस्तानी इलाके में घुसने और हमला करने की कोशिश की, जिसके बाद पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने तुरंत जवाबी कार्रवाई की। पाकिस्तान का दावा है कि इस कार्रवाई में कई तालिबान लड़ाके मारे गए हैं, हालांकि तालिबान की तरफ से अभी तक इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, पाकिस्तान के हवाले से दावा किया जा रहा है कि आधी रात के बाद भी दोनों तरफ से रुक-रुककर गोलीबारी जारी रही। यह ताजा झड़प ऐसे समय हुई है, जब पिछले कई दिनों से पाकिस्तान-अफगानिस्तान सीमा पर तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। इससे पहले 23 सितंबर को भी दोनों देशों के बीच सीमा पर गोलीबारी की खबर सामने आई थी, जिसमें पाकिस्तान ने तालिबान पर सीमा चौकियों के पास फायरिंग का आरोप लगाया था, जबकि काबुल ने इस आरोप को सिरे से खारिज कर दिया था।
10 ठिकानों पर की गई एयरस्ट्राइक
बढ़ते तनाव के बीच पाकिस्तान ने 24 सितंबर को अफगानिस्तान में 10 अलग-अलग ठिकानों पर एयरस्ट्राइक भी की थी। पाकिस्तान के सूचना मंत्री अताउल्लाह तारड़ ने बताया कि यह कार्रवाई अफगानिस्तान से आए ड्रोन हमलों के जवाब में की गई। पाकिस्तान के मुताबिक, अफगानिस्तान से आए कुल 8 ड्रोन को मार गिराया गया था, जिसके बाद उनसे जुड़े ठिकानों को निशाना बनाया गया।
पहले भी हुई थी एयरस्ट्राइक
गौरतलब है कि इससे पहले 21 सितंबर को भी पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के कुनार और पक्तिका प्रांत में एयरस्ट्राइक की थी। पाकिस्तान ने इन हमलों में आतंकी ठिकानों को निशाना बनाने और 28 आतंकियों के मारे जाने का दावा किया था, जबकि अफगान अधिकारियों ने इन हमलों में आम नागरिकों के मारे जाने और घायल होने की बात कही थी।
सीमा पर लगातार बिगड़ रहे हालात
पिछले कुछ दिनों में सीमा पर घुसपैठ, ड्रोन हमलों और फायरिंग की कई घटनाएं सामने आई हैं। 23 सितंबर को पाकिस्तान ने दावा किया था कि उसकी सुरक्षा बलों ने अफगानिस्तान से घुसने की कोशिश कर रहे आतंकियों को समय रहते रोक दिया था, और इसी दौरान सीमा पर फायरिंग तथा ड्रोन गिराए जाने की भी जानकारी सामने आई थी। अब बलूचिस्तान के गुलिस्तान सेक्टर में हुई ताजा झड़प के बाद दोनों देशों के बीच तनाव एक बार फिर नए स्तर पर पहुंच गया है, हालांकि तालिबान की ओर से इस घटना पर अभी तक कोई आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है।











