दिल्ली के यमुना किनारे उतरे बिट्टू तबाही, सिर्फ 4 घंटे में साफ कर डाला 585 किलो कचरा

0
17
Bittu Tabahi
Bittu Tabahi

नई दिल्ली: मध्य प्रदेश की अजनार नदी को साफ करके देश-विदेश में नाम कमाने वाले सुरेंद्र सिंह चौधरी, जिन्हें लोग प्यार से ‘बिट्टू तबाही’ कहते हैं, अब राजधानी दिल्ली की यमुना नदी को साफ करने के मिशन पर निकल पड़े हैं। तीन दिन तक चलने वाले इस अभियान के पहले ही दिन बिट्टू और उनके साथ जुटे स्वयंसेवकों ने नदी किनारे से करीब 585 किलोग्राम कचरा बाहर निकाला।

बिट्टू ने 20 सितंबर यानी विश्व सफाई दिवस के मौके पर यमुना सफाई की शुरुआत की। इस दौरान बनाए गए वीडियो में देखा जा सकता है कि बिट्टू और उनकी टीम नदी किनारे बिखरे प्लास्टिक, फूल, मालाओं और अन्य कचरे को इकट्ठा कर रही है। बिट्टू के मुताबिक, यह पूरा सफाई कार्य लगभग साढ़े चार घंटे तक चला।

इंस्टाग्राम पर साझा किया अनुभव

बिट्टू ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर इस अभियान की जानकारी देते हुए लिखा कि विश्व सफाई दिवस के मौके पर यमुना किनारे साढ़े चार घंटे की मेहनत के बाद 585 किलोग्राम कचरा हटाया गया। उन्होंने बताया कि घाट पर हर तरफ फूल, मालाएं, पूजा-सामग्री और प्लास्टिक फैला हुआ था।

स्थानीय लोगों ने भी बढ़ाया हाथ

इस पूरे अभियान में आसपास रहने वाले कई स्थानीय निवासी भी शामिल हुए और स्वयंसेवकों का हाथ बंटाया। बिट्टू ने अपने पोस्ट में सभी मददगारों का दिल से आभार जताया और कहा कि लोगों के सहयोग से पूरा किनारा साफ किया जा सका। उन्होंने इस काम में साथ देने के लिए फिलिप मॉरिस कंपनी का भी शुक्रिया अदा किया। साथ ही जानकारी दी कि अभियान की अगली मंजिल गुरुग्राम का खेड़की दौला इलाका होगा।

सोशल मीडिया पर वीडियो हुआ वायरल

बिट्टू का यह वीडियो इंस्टाग्राम पर तेजी से वायरल हो रहा है और हजारों यूजर्स इसे लाइक व शेयर कर चुके हैं। लोग उनकी इस पहल की जमकर तारीफ कर रहे हैं कि वे हर बार सफाई अभियान को नए इलाकों तक लेकर जा रहे हैं। उद्योगपति आनंद महिंद्रा ने भी X पर बिट्टू के इस प्रयास को शेयर करते हुए सराहना की, जिससे अभियान को और ज्यादा पहचान मिली।

गौरतलब है कि अजनार नदी को पुनर्जीवित करने के प्रयासों के चलते बिट्टू को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सराहा जा चुका है, और ‘द ओशन क्लीनअप’ के संस्थापक बोयान स्लाट ने भी उन्हें नौकरी का प्रस्ताव दिया था। यमुना सफाई अभियान अभी दो और दिन जारी रहेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here