नई दिल्ली: दिल्ली के सदर बाजार इलाके से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां छठी क्लास में पढ़ने वाली एक मासूम बच्ची को पहले एक अधेड़ उम्र के दुकानदार ने बंधक बनाया और उसका रेप किया। वहीं पुलिस ने मामले में तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के मुताबिक यह घटना 16 सितंबर की रात की है। रात करीब 11 बजे पीड़िता अपने घर से स्कूल का कुछ सामान लेने के लिए निकली थी।
इसी दौरान गली में मौजूद एक दर्जी की दुकान के पास से जब बच्ची निकली तो दुकानदार उसे बहला-फुसलाकर अंदर बुला लिया। इसके बाद इसके बाद दुकान का शटर बंद कर उसे बंधक बना लिया और उसके साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया।
घर पहुंचते ही बच्ची ने बताई आपबीती
किसी तरह बच्ची वहां से निकलकर अपने घर पहुंची और परिजनों को आपबीती बताई। इसके बाद परिवार ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। दिल्ली पुलिस के मुताबिक रात में पीसीआर कॉल के जरिए सदर बाजार थाने को इस घटना की जानकारी मिली। कॉल में बताया गया कि एक दुकानदार ने नाबालिग बच्ची को बंधक बनाकर अश्लील हरकत की है। सूचना मिलते ही सदर बाजार थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। साथ ही महिला पुलिस थाने की टीम को भी बुलाया गया। पीड़िता और उसके परिवार से पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी की पहचान की।
आरोपी की हुई पहचान
आरोपी का नाम मकसूद बताया जा रहा है, जो इलाके में ही टेलरिंग की दुकान चलाता है। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की और फिर उसे गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में महिला थाने में पॉक्सो एक्ट समेत अन्य गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है। इसके साथ ही पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया और उसकी काउंसलिंग भी की जा रही है। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच गंभीरता से की जा रही है और सभी सबूत जुटाए जा रहे हैं। इस घटना के बाद इलाके के लोगों में काफी गुस्सा है।












