बागपत में ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा, 13 लोगों की मौत, 20 से ज्यादा घायल

0
7
Baghpat road accident
AI Generated

नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश के बागपत में ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर सोमवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे ने कई परिवारों की खुशियां मातम में बदल दीं. हादसे में बदायूं जिले के 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं. सभी लोग राजस्थान के गोगामेड़ी से जाहरवीर बाबा के दर्शन कर अपने घर लौट रहे थे.

मरने वालों में एक ही गांव के सात लोग शामिल हैं. बाकी मृतक बदायूं के अलग-अलग थाना क्षेत्रों और गांवों के रहने वाले थे. हादसे के बाद गांवों में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

चार पिकअप में सवार होकर गए थे लोग

जानकारी के मुताबिक, बदायूं के अलग-अलग गांवों से करीब 100 से ज्यादा लोग चार पिकअप वाहनों में सवार होकर राजस्थान के गोगामेड़ी गए थे. वहां जाहरवीर बाबा के दर्शन करने के बाद सभी लोग वापस बदायूं लौट रहे थे. इसी दौरान बागपत में ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर उनका वाहन हादसे का शिकार हो गया. अलापुर कोतवाली क्षेत्र के अल्लापुर चमारी गांव के रहने वाले जयसिंह उर्फ साधू, उनकी पत्नी मुन्नी देवी, प्रेम सिंह, भगवती पत्नी चित्रपाल, मूर्ति पत्नी थान सिंह, रामेश्वर और अवनीश की हादसे में जान चली गई.

इसके अलावा जरीफनगर थाना क्षेत्र के मदारपुर गांव निवासी नेमपाल के 12 वर्षीय बेटे जितेंद्र और बिनावर थाना क्षेत्र के रसूल गांव निवासी आनंद वीर के 17 वर्षीय बेटे मुनीम की भी मौत हुई है. मुजरिया थाना क्षेत्र के सराय मुड़िया कड़ी गांव निवासी विकास की बेटी दीक्षा और बेटे सौरभ की भी हादसे में मौत हो गई. उझानी कोतवाली क्षेत्र के निजामपुर गांव की बेगमती पत्नी मुन्नालाल और चेतू नगला गांव के सुगण पाल ने भी जान गंवाई.

20 से ज्यादा लोग घायल

हादसे में 20 से अधिक लोग घायल हुए हैं. घायलों में मानसी, सुल्तानश्री, प्रेमवती, नेपाल, अनमोल, आनंद वीर, छत्रपाल, दिलीप, यादराम, खुशी, सोनी, प्रदीप, कुंवरपाल, महेशादेवी, अखिलेश, सिंधु, थान सिंह, राजेश्वर, कल्लो, अखिलेश पुत्र जगदीश और अरुण कुमार समेत अन्य लोग शामिल हैं. सभी का इलाज कराया जा रहा है.

गांव पहुंचे एसडीएम

13 लोगों की मौत की सूचना मिलने के बाद बदायूं के एसडीएम सदर सई आश्रित शाकमुरी अल्लापुर चमारी गांव पहुंचे. उन्होंने बताया कि हादसे में गांव के सात लोगों की मौत हुई है. सभी लोग गोगामेड़ी में जाहरवीर बाबा के दर्शन करके वापस लौट रहे थे. एसडीएम ने बताया कि घायलों का इलाज जारी है. वहीं, मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है. प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here