नई दिल्ली: पूर्वी दिल्ली में रविवार तड़के हुई एक हत्या की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई. मयूर विहार फेज-3 में सुबह करीब 5 बजे एक व्यक्ति पर दो लोगों ने लाठियों से हमला कर दिया. हमलावरों ने उसे इतनी बेरहमी से पीटा कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई. अभी तक मृतक की पहचान नहीं हो पाई है.
यह वारदात न्यू अशोक नगर थाना क्षेत्र की बताई जा रही है. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं. पुलिस ने घटनास्थल से शव बरामद कर लिया और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की. मृतक कौन है और हमलावरों ने किस वजह से उस पर हमला किया, इसका पता लगाने की कोशिश की जा रही है.
मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल पर फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम भी बुलाई. टीम ने मौके से जरूरी सबूत जुटाए हैं, जिनकी जांच की जा रही है. पुलिस के मुताबिक, हत्या से जुड़े सुराग तलाशने के लिए आसपास के इलाके की भी जानकारी जुटाई जा रही है. जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी मिली है. फुटेज में दो संदिग्ध एक व्यक्ति को डंडों से पीटते हुए दिखाई दे रहे हैं. पुलिस अब इन तस्वीरों और वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है.
सिक्योरिटी गार्ड ने बताई पूरी बात
घटना के दौरान मौके पर मौजूद सिक्योरिटी गार्ड नंदलाल यादव ने पुलिस को अहम जानकारी दी. उनके मुताबिक, उन्होंने दो लोगों को एक व्यक्ति के साथ मारपीट करते देखा था. नंदलाल ने बताया कि सुबह करीब 4 बजे उन्होंने कुछ लोगों को वहां देखा था.
गार्ड के अनुसार, उन लोगों ने उन्हें भी जान से मारने की धमकी दी थी. डर की वजह से वह वहां से हट गए और तुरंत फोन के जरिए पुलिस को सूचना दी. इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की. फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज, फॉरेंसिक सबूत और चश्मदीद के बयान के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ रही है. आरोपियों की तलाश जारी है. साथ ही मृतक की पहचान कराने के लिए भी पुलिस आसपास के लोगों से जानकारी जुटा रही है.












