मुजफ्फरनगर: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में जन्माष्टमी की रात एक नाबालिग लड़की के साथ कथित दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है. आरोप है कि 14 वर्षीय किशोरी 4 सितंबर की रात मंदिर जाने के लिए घर से निकली थी. इसी दौरान रास्ते में तीन युवकों ने कथित तौर पर उसे जबरन अपने साथ ले लिया. बाद में उसे गांव में ही एक आरोपी के घर ले जाया गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किए जाने का आरोप है.
मंदिर जाने के दौरान गायब हुई किशोरी
मामला छपार थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है. परिजनों के अनुसार, किशोरी जन्माष्टमी की रात मंदिर जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटी. परिवार ने उसकी तलाश शुरू की. इसी दौरान किशोरी आरोपी युवक के घर से बदहवास हालत में मिली.
परिजनों का आरोप है कि गांव के ही समीर ने अपने दो साथियों वलीन और सलमान के साथ मिलकर किशोरी को रास्ते से जबरन उठाया था. आरोप है कि इसके बाद उसे समीर के घर ले जाया गया, जहां एक कमरे में उसके साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया गया.
शिकायत के बाद पुलिस ने दर्ज किया केस
घटना के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए. किशोरी ने अपने परिवार को पूरी घटना की जानकारी दी. इसके बाद परिजन उसे लेकर पुलिस के पास पहुंचे और लिखित शिकायत दी.
पुलिस ने शिकायत के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है. अधिकारियों के मुताबिक, मुख्य आरोपी समीर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है.
मंत्री ने पीड़ित परिवार से की मुलाकात
मामले की जानकारी सामने आने के बाद स्थानीय स्तर पर भी नाराजगी देखने को मिली. यूपी सरकार में मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की और उन्हें हरसंभव कार्रवाई का भरोसा दिया. उन्होंने अधिकारियों को मामले में सख्त कदम उठाने के निर्देश भी दिए.
वहीं, योग साधना आश्रम के महंत स्वामी यशवीर महाराज ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है. उन्होंने मुख्यमंत्री से आरोपियों के एनकाउंटर और उनके घरों पर बुलडोजर कार्रवाई की मांग की. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.












