अमेरिका के कैलिफोर्निया में विमान हादसा, विमान क्रैश में 2 लोगों की हुई मौत और 2 की हालत गंभीर

0
10
California Plane Crash
California Plane Crash

नई दिल्ली: अमेरिका के कैलिफोर्निया में शनिवार को एक छोटे विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने से बड़ा हादसा हो गया. फ्रेस्नो शहर में सिएरा स्काई पार्क एयरपोर्ट के पास हुए इस क्रैश में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं. हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और राहत एवं बचाव टीमें तुरंत मौके पर पहुंची.

एयरपोर्ट के पास हुआ विमान हादसा

जानकारी के अनुसार, विमान उत्तर-पश्चिम फ्रेस्नो में सिएरा स्काई पार्क एयरपोर्ट के नजदीक ब्लाइथ एवेन्यू के आसपास दुर्घटनाग्रस्त हुआ. क्रैश के बाद विमान का मलबा घटनास्थल पर बिखर गया. फ्रेस्नो फायर डिपार्टमेंट ने दो लोगों की मौत की पुष्टि की है.

हादसे में घायल दो लोगों को गंभीर हालत में स्थानीय अस्पताल पहुंचाया गया. डॉक्टर उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं. अधिकारियों ने अभी घायलों की पहचान से जुड़ी जानकारी सार्वजनिक नहीं की है.

कई एजेंसियों ने संभाला मोर्चा

विमान दुर्घटना की सूचना मिलते ही कई आपातकालीन एजेंसियां सक्रिय हो गईं. फ्रेस्नो पुलिस और फायर डिपार्टमेंट के साथ फ्रेस्नो काउंटी शेरिफ कार्यालय तथा नॉर्थ सेंट्रल फायर डिपार्टमेंट की टीमें भी मौके पर पहुंची.

रेस्क्यू टीमों ने घटनास्थल को सुरक्षित किया और घायलों को अस्पताल पहुंचाने का काम किया. हादसे के कारण आसपास के इलाके में कुछ समय के लिए बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई.

बिजली आपूर्ति भी हुई प्रभावित

विमान के क्रैश के बाद स्थानीय बिजली व्यवस्था पर भी असर पड़ा. आसपास के कई इलाकों में कुछ समय के लिए बिजली गुल हो गई. इसके बाद पैसिफिक गैस एंड इलेक्ट्रिक कंपनी (PG&E) की टीमों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली. बाद में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई.

हादसे की वजह अभी साफ नहीं

अधिकारियों ने अभी विमान के मॉडल और उसमें सवार लोगों की पहचान समेत कई जानकारियां सार्वजनिक नहीं की हैं. दुर्घटना की वजह भी फिलहाल स्पष्ट नहीं है. संबंधित अधिकारी मलबे की जांच और संभावित गवाहों से पूछताछ के जरिए हादसे की वजह पता लगाने में जुटे हैं. जांच पूरी होने के बाद ही क्रैश के कारणों को लेकर स्थिति साफ हो पाएगी.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here