हैदराबाद से एक हैरान करने वाला वीडियो आया सामने, पेड़ों के पीछे भीषण आग और काला धुआं आसमान की ओर उठता दिखाई दिया

0
9
Hyderabad trees black smoke woman zoomed camera scary truth
X @nadkarni_yash

हैदराबाद: हैदराबाद से एक हैरान करने वाला वीडियो सामने आया है। दूर से देखने पर लगा जैसे पेड़ों के पीछे कहीं भीषण आग लगी हो और काला धुआं आसमान की ओर उठ रहा हो। मोनिका जुयाल ने भी पहली बार यही सोचा। लेकिन कुछ मिनट तक लगातार देखने पर जब उन्होंने जूम किया तो सच्चाई कुछ और ही निकली, जिसने इंटरनेट पर लोगों के होश उड़ा दिए।

धुआं नहीं, मच्छरों का बवंडर निकला   

इंस्टाग्राम पर मोनिका ने जो वीडियो शेयर किया है, उसमें पेड़ों के ऊपर आसमान में काले गुबार जैसा कुछ तैरता दिख रहा है। वीडियो में मोनिका कहती हैं, इसे देखिए। जब मैंने पहली बार देखा तो लगा पेड़ों के पीछे आग लगी है या कुछ बड़ा जल रहा है।

ध्यान से देखने पर पता चला कि यह धुआं नहीं है। उन्होंने आगे कहा, क्या आप अंदाजा लगा सकते हैं कि यह क्या है? यह हवा में उड़ने वाले मच्छरों का विशाल झुंड है।

हजारों-लाखों मच्छरों ने मिलकर हवा में ऐसा आकार बना लिया था जो बिल्कुल काले धुएं जैसा लग रहा था। इसे विज्ञान में मॉस्किटो टॉरनेडो या मच्छरों का बवंडर भी कहा जाता है, जो अक्सर शाम के समय प्रजनन के लिए बनता है।

हैदराबाद में मच्छरों का हमला वायरल   

मोनिका ने वीडियो को हैदराबाद में मच्छरों का हमला कैप्शन के साथ शेयर किया। देखते ही देखते वीडियो वायरल हो गया और लोग कमेंट में तरह-तरह के रिएक्शन देने लगे।

एक यूजर ने इसकी वजह ड्रैगनफ्लाई की घटती संख्या को बताया। ड्रैगनफ्लाई प्राकृतिक रूप से मच्छरों को खाते हैं और शहरों में उनकी कमी से मच्छरों की आबादी तेजी से बढ़ रही है। वहीं कई लोगों ने इस पर मजाक भी किया।

एक शख्स ने लिखा, हर कोई हैदराबाद की नाइटलाइफ को लेकर शिकायत कर रहा था ना, अब ये नया नाइट शो एन्जॉय कीजिए। दूसरे ने इसे हैदराबाद का नया अट्रैक्शन बता दिया।

क्यों बनता है ऐसा झुंड?   

एक्सपर्ट्स के मुताबिक यह कोई खतरे की घंटी नहीं, बल्कि मच्छरों का मेटिंग स्वार्म होता है। नर मच्छर शाम के समय एक जगह इकट्ठा होकर उड़ते हैं ताकि मादा मच्छर उन्हें देख सके। दूर से यह काले धुएं जैसा दिखता है, लेकिन पास जाने पर हजारों मच्छरों का झुंड नजर आता है।

हैदराबाद में बारिश के बाद नमी और रुके हुए पानी की वजह से ऐसे झुंड ज्यादा बनते हैं। हालांकि वीडियो ने एक बार फिर शहर में मच्छरों की बढ़ती समस्या और सफाई व्यवस्था पर सवाल खड़ा कर दिया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here